पालघर: गुनाह किसी से छिपता नहीं है और आरोपी कितना भी शातिर क्यों न हो कभी- न कभी कानून के शिकंजे में फंस ही जाता है। ऐस ही एक मामला महाराष्ट्र के पालघर जिले में सामने आया है। पालघर पुलिस ने एक ऑटोरिक्शा चालक को किराये को लेकर 2001 में हुए विवाद में एक यात्री की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ठंडे बस्ते में चला गया था मामला
उन्होंने बताया कि मीरा-भायंदर वसई-विरार (MBVV) पुलिस की अपराध शाखा इकाई-तृतीय ने इस "ठंडे बस्ते में चले गए मामले" पर फिर से विचार करने का निर्णय लिया, जिसके बाद आरोपी हारुन अली मुस्तकिन अली सैय्यद (43) को सोमवार को तलासरी से हिरासत में लिया गया।
14 अक्टूबर 2001 को हुई थी हत्या
वरिष्ठ निरीक्षक शाहूराज रानावरे ने बताया कि पीड़ित मोहर्रम अली मोहम्मद इब्राहिम अली (56) की 14 अक्टूबर 2001 को आरोपी द्वारा बार-बार चाकू घोंपने के एक घंटे के भीतर ही मौत हो गई थी। यह घटना ऑटो किराये को लेकर हुए झगड़े के बाद हुई थी। अधिकारी ने बताया कि तब से उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
आरोपी को विरार पुलिस को सौंपा गया
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी इकाई ने करीब पांच महीने पहले ठंडे बस्ते में चले गए इस मामले की सक्रियता से जांच शुरू की। हमने पीड़ित के रिश्तेदारों का पता लगाया और पुराने गवाहों से फिर से पूछताछ की।" रनावरे ने बताया कि पुलिस ने मुंबई में मुखबिरों को भी सक्रिय किया और उत्तर प्रदेश में सैय्यद के पैतृक शहर में जाकर जांच की। अधिकारी ने बताया, "जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य और तकनीकी निगरानी के बाद उसे पकड़ लिया गया।" उन्होंने बताया कि सैय्यद को विरार पुलिस को सौंप दिया गया है। (भाषा)