1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. क्या BMC चुनाव NCP और कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी शिवसेना? जानें, उद्धव ने क्या कहा

क्या BMC चुनाव NCP और कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी शिवसेना? जानें, उद्धव ने क्या कहा

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 27, 2020 11:15 pm IST,  Updated : Nov 27, 2020 11:15 pm IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ महा विकास अघाडी (MVA) के सहयोगी दल बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के चुनाव सहित सभी चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

Uddhav Thackeray, Uddhav Thackeray BMC, Uddhav Thackeray Congress- India TV Hindi
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि सत्तारूढ़ MVA के सहयोगी दल BMC के चुनाव सहित सभी चुनाव मिलकर लड़ेंगे। Image Source : PTI FILE

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ महा विकास अघाडी (MVA) के सहयोगी दल बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के चुनाव सहित सभी चुनाव मिलकर लड़ेंगे। शिवसेना-NCP-कांग्रेस गठबंधन सरकार का शनिवार को एक साल पूरा हो रहा है। इस मौके पर ठाकरे (60) ने दक्षिण मुंबई स्थित अपने आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ में चुनिंदा मीडिया से बातचीत की। ठाकरे ने कहा, ‘एमवीए बीएमसी चुनाव (2022 में) सहित सभी चुनाव एक साथ लड़ेगा।’ उन्होंने कहा कि उन्हें इस अटकल पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं महसूस हुई कि गठबंधन के सहयोगी दल अलग अलग चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने जोर दिया कि उनकी सरकार स्थिर है और गठबंधन के सहयोगियों को वैचारिक रूप से भिन्न माना जाता है, लेकिन राज्य के हित और लोगों के कल्याण तीनों दलों को एक जुट करते हैं। ठाकरे ने कहा, ‘विगत में हम एक वैचारिक गठबंधन में थे लेकिन उस विचारधारा की नींव (विश्वास पर) पर विश्वासघात किया गया था।’ शिवसेना और BJP का गठबंधन 1995-1999 और 2014-19 में सरकार में था। ठाकरे ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और राकांपा के साथ सरकार बनाने के लिए अपनी पार्टी के गठबंधन का बचाव किया और कहा कि शिवसेना का गठबंधन ऐसी सहयोगी (BJP) से था जिनकी सोच संकुचित है।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में पुत्र आदित्य और भूमि सौदे में पत्नी रश्मि को भाजपा द्वारा निशाना बनाए जाने का जिक्र करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘अब आप महसूस करेंगे कि जब हम भाजपा के साथ गठबंधन में थे तब क्या हुआ था। विकृत सोच अब उजागर हो गयी है।’ ठाकरे ने कहा कि पिछले साल नहीं भूलने वाला मौका 25 से 30 साल पुराने ‘दोस्त द्वारा विश्वासघात’ था। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने नीतिगत मामलों पर BJP की आलोचना की थी और परिवार के सदस्यों को निशाना नहीं बनाया।

ठाकरे ने हिंदुत्व के मुद्दे पर कहा, ‘हिंदुत्व की मेरी परिभाषा नहीं बदली है। यह सुसंस्कृत है और भाजपा की तरह दूषित नहीं है। हिंदुत्व में संस्कृति बहुत महत्वपूर्ण है।’ ठाकरे ने भूमि सौदे के संबंध में BJP के दावे का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब हम आपके (भाजपा) साथ थे, तो हम अच्छे हैं। भूमि सौदे तब हुए, जब आप सरकार में थे।’ उन्होंने कहा कि उन्हें निशाना बनाने वाले भाजपा नेता सभी बाहरी हैं और वे 'मूल' भाजपा के नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘क्या भाजपा अब बाहरी लोगों द्वारा चलाई जा रही है।’ उनकी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं के बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा कि भाजपा के खिलाफ महाराष्ट्र में तीन दलों के गठबंधन ने राष्ट्रीय स्तर पर एक संदेश दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।