महाराष्ट्र के नांदेड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के घातक हथियारों का जखीरा बरामद किया है। शहर के वजीराबाद इलाके के रामदास नगर स्थित एक घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस को तलवार, खंजर और दूसरे धारदार हथियारों का ऐसा ढेर मिला, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ रूरल पुलिस स्टेशन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। छापे के दौरान घर से करीब 4796 धारदार हथियार बरामद किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में तलवारें, कोयता, खंजर शामिल हैं।
करीब 43 लाख है कीमत
जब्त हथियारों की कुल कीमत लगभग 43 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 50 वर्षीय आरोपी Jaswant Singh Prakash Singh Sukhmani को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी यह हथियार बिक्री के उद्देश्य से लेकर आया था और इन्हें अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में हथियार जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कहां से लाए गए हथियार?
इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार कहां से लाए गए थे। इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान
वहीं, अविनाश कुमार ने इस कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
विलासदे की रिपोर्ट