1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नासिक में Tetanus का इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद चक्कर खाकर गिरी लड़की, हो गई मौत; CCTV में कैद हुई घटना

नासिक में Tetanus का इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद चक्कर खाकर गिरी लड़की, हो गई मौत; CCTV में कैद हुई घटना

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 26, 2026 09:21 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 09:21 pm IST

महाराष्ट्र के नासिक में टीकाकरण कैंप में टीका लगने के बाद नाबालिग लड़की की मौत हो गई, ये आरोप उसके परिवार ने लगाया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

Nashik vaccination camp incident- India TV Hindi
नासिक में टीका लगने के बाद नाबालिग लड़की की मौत। Image Source : REPORTERS INPUT

महाराष्ट्र के नासिक शहर में आयोजित एक टीकाकरण शिविर के बाद 17 साल की नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। यह घटना खुटवडनगर क्षेत्र की है, जहां नगर निगम की तरफ से नियमित टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा था। मृतक नाबालिग की पहचान श्रावणी अनिल पाटिल के रूप में हुई है।

अचानक चक्कर खाकर गिरी लड़की

मिली जानकारी के अनुसार, वह अपने पिता के साथ टीका लगवाने के लिए शिविर में पहुंची थी। Tetanus का इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनट बाद उसे अचानक चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरने के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट भी लगी।

परिवार ने जताई टीके के दुष्प्रभाव की आशंका

परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार ने टीके के दुष्प्रभाव की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

CCTV में रिकॉर्ड हुई लड़की के गिरने की घटना

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग लड़की एक दुकान पर खड़ी हुई दिख रही है। कुछ देर बाद ही वह डगमगाकर सड़क पर गिर जाती है। फिर, वहां आसपास खड़े लोग उसकी मदद के लिए दौड़ते हैं। अस्पताल लेकर बिना देर किए उसको इलाज के लिए जाते हैं। जांच में यह वीडियो अहम हिस्सा बन सकता है।

फॉरेसिंक जांच में पता चलेगा मौत का कारण

नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। एहतियात के तौर पर संबंधित वैक्सीन बैच की भी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, उसी बैच से अन्य लोगों को भी टीका लगाया गया था, इसलिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मामले की जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग

फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय लोगों और परिजनों की नजरें अब पोस्टमॉर्टम तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे किशोरी की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

(इनपुट- चिराग शर्मा)

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के पनवेल में जहरीला पानी पीने से 7 गायों की मौत और 19 बीमार, केमिकल वाले पानी से महिलाओं को भी मिसकैरिज की शिकायत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।