1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे में निर्भया कांड जैसी घटना, दोस्तों को कपड़े से बांधा फिर लड़की के साथ किया गैंगरेप

पुणे में निर्भया कांड जैसी घटना, दोस्तों को कपड़े से बांधा फिर लड़की के साथ किया गैंगरेप

 Reported By: Sachin Chaudhary, Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 04, 2024 10:40 am IST,  Updated : Oct 04, 2024 11:04 am IST

पीड़िता अपने दोस्तों के साथ घूम रही थी। तीन आरोपियों ने पहले दोस्तों की पिटाई कर उन्हें कपड़े से बांध दिया। इसके बाद 21 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म किया।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र के पुणे में दिल्ली के निर्भया कांड जैसा मामला सामने आया है। यहां दोस्तों के साथ घूम रही एक लड़की के साथ तीन युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने पहले लड़की के दोस्तों को पीटा और कपड़े से बांध दिया फिर 21 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म किया। घटना रात 11 बजे की है। सुनसान जगह और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित सुबह पांच बजे पुलिस के पास पहुंचे और कोडंवा पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए कुल 10 टीम बनाई गई हैं।

पुणे सिटी पुलिस के संयुक्त सीपी रंजन कुमार शर्मा ने कहा, "कल रात 21 वर्षीय महिला अपने दोस्तों के साथ बोपदेव घाट गई थी। जब वह दोस्तों के साथ थी, तब तीन अज्ञात लोग उनके पास आए और उन्हें पीटा। बाद में उन्होंने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। हमें आज सुबह करीब 5 बजे यह सूचना मिली। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। आरोपियों ने लड़की के साथ बलात्कार करते समय उसके दोस्तों को कपड़े से बांध दिया था। लड़की अस्पताल में है, उसका इलाज चल रहा है। वह होश में है। हम लड़की का बयान लेने की प्रक्रिया में हैं। आरोपियों की तलाश के लिए 10 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं।"

निर्भया के साथ क्या हुआ था?

फिजियोथेरेपी की 23 वर्षीय प्रशिक्षु से 16 दिसंबर 2012 को दक्षिण दिल्ली में एक बस के भीतर छह लोगों ने दुष्कर्म किया और उससे मार-पीट की। इसके बाद चलती बस से उसे फेंक दिया था। उसकी 29 दिसंबर को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल में मौत हो गयी थी। इस घटना ने देशभर के लोगों को आक्रोशित कर दिया था जिसके बाद देश में यौन हिंसा से जुड़े कई नए कानून बनाए गए थे। इस घटना के बाद पीड़िता को ‘निर्भया’ नाम दिया गया था। इस घटना में भी पीड़िता अपने दोस्त के साथ थी, जिसके साथ आरोपियों ने मारपीट की थी और दुष्कर्म करते समय उसे बांधे रखा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।