सिंधुदुर्ग: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के सावंतवाड़ी में स्थित एक मदरसे में 2 अनाथ छात्रों की कथित पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। वीडियो के वायरल होने के बाद बीजेपी नेता और सूबे की सरकार में मंत्री नितेश राणे ने मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कई मदरसों में आधुनिक शिक्षा नहीं दी जाती है, और वह कट्टरपंथी तैयार होते हैं। उन्होंने मदरसों को आतंकवाद का केंद्र बताते हुए कहा कि वहां आतंकवादियों को तैयार किया जाता है। राणे के इस बयान के बाद विपक्ष की तरफ से तीखा पलटवार हुआ है।
Related Stories
लगभग 2 महीने पुराना CCTV फुटेज वायरल
बता दें कि वायरल CCTV फुटेज में एक मौलवी को छात्रों को डंडे से मारते हुए देखा जा सकता है। घटना लगभग दो महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने दोषी शिक्षक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है और नितेश राणे के बयान ने आग में घी डालने का काम कर दिया है।
नितेश राणे ने मदरसों पर ऐसा क्या कहा था?
मदरसे में बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद नितेश राणे ने कहा था, 'आपने बच्चों को पीटते हुए मौलवी का वीडियो देखा है। यह मेरे गृह जिले सावंतवाड़ी का है और मैं जिले का प्रभारी मंत्री भी हूं। आपको जल्द ही पता चलेगा कि उसके खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई होने वाली है। मैं उन्हें ऐसा सबक सिखाऊंगा कि अगली बार बच्चों के साथ ऐसा कुछ करने से पहले उनके हाथ कांपने लगेंगे। आपको मदरसों की जरूरत ही क्यों है? ये मदरसे आतंकवाद के केंद्र हैं, वहां आतंकवादियों को तैयार किया जाता है।'
'अगर कुरान पढ़ाना है तो मस्जिदों में पढ़ाएं'
सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली विधानसभा क्षेत्र से विधायक राणे ने कहा, 'हमें ऐसे मदरसों को बढ़ावा क्यों देना चाहिए? यदि आप कुरान पढ़ाना चाहते हैं, तो उसके लिए आपके पास मस्जिदें हैं। मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा और उनसे सभी मदरसों को बंद करने के लिए कहूंगा क्योंकि ये आतंकवादियों के बनने की जगह हैं।' राणे ने यह भी कहा कि वह जानना चाहते हैं कि क्या दुनिया में कोई ऐसा इस्लामी देश है जो हिंदुओं को ऐसे स्कूल बनाने की इजाजत देता हो जहां सिर्फ भगवद्गीता पढ़ाई जाती हो। राणे के इस बयान के बाद मुस्लिम नेताओं की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई।
राणे के बयान पर भड़क गए मुस्लिम नेता
राणे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने कहा कि भारत के किसी भी मदरसे में कोई आतंकवादी गतिविधि नहीं होती है। आजमी ने कहा, 'यदि वे चाहें, तो मदरसों में CCTV कैमरे लगवा सकते हैं। उन्हें वहां रहने के लिए कमरा और भोजन भी दिया जाएगा, वे वहां रहकर जांच कर सकते हैं।' वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस के लीडर असलम शेख ने कहा कि नितेश राणे या तो मदरसे से निकले आतंकवादियों के नाम लाएं वरना अपने बयान के लिए माफी मांगे। हालांकि, असलम शेख ने ये भी कहा कि नितेश राणे को कोई गंभीरता से नहीं लेता, इसी तरह के ऊट-पटांग बयान देते हैं।