पहलगाम आतंकी हमले में अपने पिता संतोष जगदाले को खोने वाली आसावरी जगदाले के संघर्ष को आखिरकार सफलता मिल गई है। राज्य सरकार ने अपना वादा पूरा करते हुए उन्हें पुणे महानगरपालिका में प्रशासन अधिकारी (क्लास-टू अधिकारी) के पद पर नियुक्ति दी है। खास बात यह है कि नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं फोन कर उन्हें बधाई दी।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद आसावरी जगदाले की भावुक प्रतिक्रिया
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद आसावरी जगदाले ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मेरे मन में इस समय मिक्स्ड इमोशन्स हैं। मैं थोड़ी भावुक भी हूं और खुश भी हूं, क्योंकि इस नौकरी के लिए जो 11 महीने का संघर्ष था, वह आज खत्म हो गया है।” उन्होंने आगे कहा, “जब यह नियुक्ति पत्र मेरे हाथ में आया तो सबसे पहले मेरे मन में यही विचार आया कि अगर आज पापा होते और यह पत्र उनके सामने होता, तो वे दुनिया के सबसे खुश इंसान होते। मुझे लगता है कि स्वर्ग से उनका आशीर्वाद ही है, जिसकी वजह से मैं इस परिस्थिति में खुद को संभाल पाई।”
इस पूरे संघर्ष के दौरान मां का सबसे बड़ा सहारा मिला, यह बताते हुए आसावरी ने कहा, “लगातार फॉलो-अप लेना, फोन करना, लोगों से मिलना- यह सब मेरी मां ने इतनी कठिन परिस्थिति में भी किया।”
फडणवीस और शिंदे को दिया धन्यवाद
सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “इस पूरी प्रक्रिया में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बड़ा सहयोग रहा। ‘स्पेशल केस’ के तहत भेजे गए पत्र और उसके बाद हुए फॉलो-अप की वजह से ही आज मुझे यह नियुक्ति पत्र मिला है।”
उन्होंने सांसद मेधा कुलकर्णी का भी विशेष धन्यवाद दिया। आसावरी ने कहा, “एक समय ऐसा आया था जब हमने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन मेधा ताई की मदद से यह प्रक्रिया फिर से शुरू हुई,” उन्होंने कहा। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ, राजाभाऊ बराटे और अन्य सहयोगियों का भी उन्होंने आभार व्यक्त किया।
सरकार का वादा पूरा
आसावरी जगदाले ने आगे कहा, “आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुणे महानगरपालिका के आयुक्त ने मुझ पर भरोसा जताते हुए कहा कि ‘वह सक्षम है। मैं इसे केवल एक कॉम्प्लीमेंट नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में देखती हूं। आगे मुझे जो भी काम मिलेगा, उसमें मैं अपना 100 प्रतिशत योगदान दूंगी।”
पहलगाम हमले की दुखद घटना के बाद करीब एक साल के संघर्ष के बाद मिली इस नौकरी से जगदाले परिवार के लिए यह पल भावुक और संतोष देने वाला बन गया है।
(रिपोर्ट- समीर शेख)
यह भी पढ़ें-
पहलगाम हमला और अहमदाबाद विमान हादसा... साल 2025 की वो 5 बड़ी घटनाएं, जिन्होंने पूरे देश को झकझोरा
पहलगाम हमले में कौन था आतंकियों का हैंडलर? NIA ने चार्जशीट में किया खुलासा, 10 लाख रुपये का है इनाम