मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में महानगर के दादर से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि क्या वह 17 मार्च को नागपुर में हुई हिंसा में शामिल था। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अजीजुल निजानुल रहमान (29) को अपराध शाखा की यूनिट 2 ने बुधवार को हिरासत में लिया। अधिकारी ने कहा, “हमें संदेह है कि हिंसा के समय वह नागपुर में था। वह नागपुर के हसनबाग का निवासी है और कुछ दिन पहले ही दादर आया था।"
फर्जी डॉक्यूमेंट्स के जरिए बनवाया आधार कार्ड
अधिकारी ने बताया कि दिहाड़ी मजदूर रहमान ने जाली दस्तावेजों का उपयोग करके आधार कार्ड प्राप्त करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा, “हम जांच के तहत उसके मोबाइल फोन टावर लोकेशन का विश्लेषण कर रहे हैं। हमने उसकी गिरफ्तारी के बारे में नागपुर में अपने समकक्षों के साथ भी जानकारी साझा की है।” हिंसा के सिलसिले में 110 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी फहीम खान भी शामिल है। बता दें कि इससे पहले मुंबई के शिवाजी नगर और आरसीएफ थाने की संयुक्त टीम ने बुधवार को मुंबई के गोवंडी और चेंबूर इलाकों में अभियान चलाया था।
इससे पहले 17 बांग्लादेशी नागरिकों की हुई थी गिरफ्तारी
इस अभियान में अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। दरअसल, मुंबई पुलिस को अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश मिले हैं, जिसके तहत यह विशेष अभियान चलाया गया। अवैध घुसपैठियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया, जिसमें हर टीम को एक निश्चित इलाके की जिम्मेदारी दी गई। गहन जांच और पड़ताल के बाद अवैध रूप से भारत में रह रहे इन बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस अब अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों पर और ज्यादा कड़ी नजर रखेगी।
(इनपुट-भाषा)