पुणेः पिंपरी-चिंचवड़ के भोसरी इलाके में रहने वाले 48 वर्षीय TCS कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि उन्हें दो महिला सहकर्मियों और कंपनी से न जुड़े एक व्यक्ति द्वारा परेशान किया जा रहा था।
मृतक कर्मचारी की पहचान अमित ब्रह्मे के रूप में हुई है। वह भोसरी के 'सुविधा पार्क' इलाके में रहते थे। उनके 19 वर्षीय बेटे ने 9 जून को भोसरी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई।
आरोप है कि आरोपी विनोद पालिचा ने टीसीएस कंपनी को अमित के बारे में गलत और भ्रामक ईमेल भेजे, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई। साथ ही, उसने पुलिस में भी अमित के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराने की कोशिश की थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के अनुसार, अमित ब्रह्मे भोसरी के सुविधा पार्क में रहते थे और हिंजवडी में TCS में काम करते थे। 2 जून को शाम करीब 4 बजे घर पर आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने TCS के दो कर्मचारियों और एक अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है।
भोसरी पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संदीप घोरपड़े ने कहा, "हमने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। हमने आरोपी दो महिलाओं से पूछताछ के लिए TCS अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। घोरपड़े ने बताया कि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इसलिए किया सुसाइड
एसीपी सुधाकर यादव ने बताया कि टीसीएस (TCS) कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी अमित ब्रह्मे (उम्र 48 वर्ष) ने 2 जून को आत्महत्या कर ली है। उन्होंने एक विस्तृत सुसाइड नोट (Suicide Note) लिखा है। टीसीएस के प्रोजेक्ट में उनके साथ काम करने वाली दो महिला सहकर्मियों के बारे में उन्होंने उल्लेख किया है कि वे समय-समय पर उनका अपमान करती थीं, उन्हें डांटती थीं। उन्हें प्रोजेक्ट में खराब रेटिंग देने की धमकी देती थीं। इसके अलावा, जब उनके पिता बीमार थे और उनकी पत्नी को कैंसर हुआ था। तब छुट्टी मांगते समय भी उन्होंने छुट्टी देने में काफी परेशान किया। इन सभी बातों का उन्होंने सुसाइड नोट में जिक्र किया है।
इसके साथ ही, इन दोनों के अलावा उनके एक मित्र थे विनोद पालिचा। उनके बारे में भी उन्होंने उल्लेख किया है कि विनोद पालिचा ने समय-समय पर टीसीएस कंपनी को मेरे बारे में गलत ईमेल भेजे, मेरी बदनामी की और मेरे खिलाफ गलत तरीके से पुलिस में भी शिकायत करने की कोशिश की।
रिपोर्टः समीर शेख
ये भी पढ़ेंः उद्धव ठाकरे ने बुलाई सांसदों की बैठक, ऑपरेशन टाइगर की अटकलों के बीच बड़ा फैसला
गुटखे के अवैध कारोबार पर सबसे बड़ी कार्रवाई की तैयारी, महाराष्ट्र सरकार लेगी MCOCA के तहत एक्शन