1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गिरफ्तार होते ही बीमार हुआ डॉक्टरों को पीटने वाला शिवसेना पार्षद, अस्पताल में किया गया भर्ती

गिरफ्तार होते ही बीमार हुआ डॉक्टरों को पीटने वाला शिवसेना पार्षद, अस्पताल में किया गया भर्ती

 Published : Jul 09, 2026 06:56 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 06:56 am IST

महाराष्ट्र में डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे की गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

Ramesh Mhatre Arrest, Shiv Sena Corporator, Dombivli Hospital Assault- India TV Hindi
शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे। Image Source : ANI

ठाणे: महाराष्ट्र में डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार किए गए शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे की गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डोंबिवली के ACP सुहास हेमाडे ने बताया कि रमेश म्हात्रे को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट मिलने और आवश्यक चिकित्सकीय अनुमति मिलने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के विरोध में डॉक्टरों ने की हड़ताल

पुलिस के मुताबिक, रमेश म्हात्रे को डोंबिवली के विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132 और 121(1) के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उधर, घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल जारी रखी है। डॉक्टरों का आरोप है कि अस्पतालों में पूरी तरह कानून-व्यवस्था की अनदेखी हो रही है। विभिन्न चिकित्सा संगठनों ने भी राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

गर्भवती महिला के इलाज पर हुआ था बवाल

DCP अतुल जेंडे ने बताया कि घटना के बाद विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा,

'FIR दर्ज होने के बाद 3 आरोपियों को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। इसके बाद चौथे आरोपी रमेश म्हात्रे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।'

एसीपी सुहास हेमाडे ने बताया कि यह विवाद एक गर्भवती महिला के इलाज को लेकर शुरू हुआ था। उनके अनुसार, महिला मरीज के साथ आए लोग इलाज को लेकर अस्पताल कर्मियों से उलझ गए।

'अभद्र भाषा का भी किया गया था इस्तेमाल'

हेमाडे ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर, एक महिला डॉक्टर और एक नर्स के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं, उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और धमकियां भी दी गईं। हेमाडे ने बताया कि पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: इलाज का बिल चुकाने को कहा तो भड़का मरीज, डॉक्टर और स्टाफ को नीचे बुलाकर रॉड-डंडों से पिटवाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।