महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर गुंडागर्दी देखी गई है। ताजा मामला कल्याण पूर्व स्थित जानकी ग्लोबल हॉस्पिटल का है। जहां इलाज के बिल के पैसे मांगने पर मरीज ने अपने साथियों को बुलाकर डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों पर रॉड और डंडों से हमला करवा दिया।
बुखार की शिकायत लेकर पहुंचा था मरीज
जानकारी के अनुसार, सोनू नाम का एक मरीज बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, जिसमें इंजेक्शन और ड्रिप लगाई गई। इलाज के बाद अस्पताल का बिल करीब दो हजार रुपये बना, जिसे बाद में कम कर लगभग 1500 रुपये कर दिया गया।
पैसे लेकर नीचे खड़ा है दोस्त
इसके बावजूद मरीज ने बिल का भुगतान नहीं किया और बहाने बनाने लगा। पहले उसने GPay से भुगतान करने की बात कही, फिर कर्मचारियों से कहा कि उसका दोस्त नीचे पैसे लेकर खड़ा है।
रॉड और डंडे लेकर मौजूद थे वहां लोग
अस्पताल के कर्मचारी जब उसके साथ नीचे पहुंचे तो वहां पहले से उसके कई साथी रॉड और डंडे लेकर मौजूद थे। आरोप है कि बिल मांगते ही सभी ने डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में डॉक्टर और स्टाफ को चोटें आईं।
भुगतान करने के बजाय करवाया हमला
अस्पताल के डॉक्टर अशोक ने बताया कि मरीज का सामान्य इलाज किया गया था और अस्पताल प्रबंधन ने मानवीय आधार पर बिल भी कम कर दिया था। इसके बावजूद मरीज ने भुगतान करने के बजाय हमला करवाया।
की जा रही आरोपियों की तलाश
पूरी वारदात अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। मामले की शिकायत के बाद कोळसेवाड़ी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कानून-व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
इस घटना ने एक बार फिर कल्याण पूर्व में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अस्पताल जैसे स्थान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे। इसको लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कल्याण से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर मौत मामले में 9 पुलिसकर्मियों को उम्रकैद, 15 साल बाद आया फैसला