1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मातोश्री पर शिवसेना UBT सांसदों की बैठक, शिर्डी और परभणी MP नहीं हुए शामिल, ऑपरेशन टाइगर पर बोले संजय राउत

मातोश्री पर शिवसेना UBT सांसदों की बैठक, शिर्डी और परभणी MP नहीं हुए शामिल, ऑपरेशन टाइगर पर बोले संजय राउत

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Saket Rai Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 14, 2026 01:19 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 02:53 pm IST

शिर्डी से सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे और परभणी से सांसद संजय जाधव बैठक में शामिल नहीं हुए। इन दोनों नेताओं के मीटिंग में नहीं शामिल होने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

Uddhav thackray- India TV Hindi
उद्धव ठाकरे Image Source : ANI

उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री पर शिवसेना यूबीटी सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी के दो सांसद शामिल नहीं हुए। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने कथित “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सांसदों की बैठक बुलाई है, जो एक नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया है।

संजय राउत ने कहा, “जिस तरह विधायकों की बैठकें होती हैं, उसी तरह आज सांसदों की बैठक बुलाई गई है। हमारे सभी सांसद बैठक में उपस्थित रहेंगे। जो सांसद किसी कारणवश नहीं आ पाएंगे, उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जोड़ा जाएगा और उनसे चर्चा की जाएगी।”

दो सांसदों ने बनाई दूरी

शिवसेना सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी के अधिकांश सांसद शामिल हुए। हालांकि, शिर्डी से सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे और परभणी से सांसद संजय जाधव बैठक में शामिल नहीं हुए। अब इन दोनों नेताओं को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कई खबरों में दावा किया गया है कि शिवसेना यूबीटी के नौ लोकसभा सांसदों में से सात एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं और जल्द ही उनके गुट में शामिल हो सकते हैं। ऐसा होने पर केंद्र सरकार और मजबूत होगी।

बीजेपी के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे- संजय राउत

संजय राउत ने कहा कि “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चा पिछले दो वर्षों से लगातार हो रही है, लेकिन ऐसा कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा, “जिस दिन हमारी सत्ता आएगी, उस दिन बीजेपी नहीं बचेगी। हम उसे टुकड़े-टुकड़े कर देंगे और उनके नेताओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।”

उद्धव की मौजूदगी में अहम बैठक

उद्धव ठाकरे के घर में हो रही बैठक में अरविंद सावंत मुंबई से और नासिक से राजा भाऊ वाजे पहुंचे। इसके अलावा भी कई सांसद मातोश्री पहुंचकर मीटिंग में शामिल हुए। कुछ नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग अटेंड की। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में पार्टी सांसदों की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, धाराशिव से सांसद ओमराजे नाईक निंबालकर बैठक में शामिल नहीं हो पाए। जानकारी के अनुसार उनके बेटे को पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके चलते वे अनुपस्थित रहे।

बैठक में ये सांसद हुए शामिल

  • दक्षिण मुंबई से सांसद अरविंद सावंत
  • नासिक से सांसद राजाभाऊ वाजे
  • मुंबई दक्षिण मध्य से सांसद अनिल देसाई
  • मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दिना पाटिल

ये नेता ऑनलाइन माध्यम से जुड़े

  • यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख
  • हिंगोली से सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर 

बैठक के बाद संजय राउत ने दी जानकारी

संजय राऊत ने कहा कि मातोश्री में आयोजित सांसदों की बैठक में पार्टी के सभी 9 सांसद शामिल हुए। इनमें से 4 सांसद मातोश्री में शारीरिक रूप से मौजूद रहे, जबकि 5 सांसद ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े। राऊत ने बताया कि उस्मानाबाद के सांसद ओम राजे निंबालकर के बेटे की तबीयत खराब है और वह पुणे के अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए निंबालकर ऑनलाइन शामिल हुए। शिर्डी के सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे की पत्नी बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए वह भी ऑनलाइन जुड़े। हिंगोली के सांसद नागेश पाटील आष्टीकर अपने बेटे के विधानसभा चुनाव अभियान में व्यस्त होने के कारण ऑनलाइन शामिल हुए। यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख के घर बेटी का विवाह समारोह होने के कारण वह ऑनलाइन बैठक में जुड़े। संजय जाधव भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें-

'कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं है', संजय राउत ने बताया पार्टी को मजबूत करने का 'मास्टरप्लान

TCS कर्मचारी ने क्यों किया सुसाइड? सामने आई वजह; कंपनी की दो महिला कर्मचारियों समेत 3 लोगों पर FIR

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।