1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के कल्याण में जर्जर बिल्डिंग का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा, 6 लोगों की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

महाराष्ट्र के कल्याण में जर्जर बिल्डिंग का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा, 6 लोगों की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 20, 2025 06:53 pm IST,  Updated : May 20, 2025 08:22 pm IST

महाराष्ट्र के कल्याण में बिल्डिंग का स्लैब गिरने से छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों को बाहर निकाला गया है।

 कल्याण में बिल्डिंग का स्लैब गिरा- India TV Hindi
कल्याण में बिल्डिंग का स्लैब गिरा Image Source : INDIA TV

कल्याण: महाराष्ट्र के कल्याण पूर्व स्थित मंगलराघो नगर इलाके में एक जर्जर इमारत सप्तशृंगी का स्लैब गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब चार मंजिला इमारत के दूसरे मंजिल का स्लैब अचानक ताश के पत्ते की तरह सीधे नीचे जमीन पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

चार घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान

जानकारी के मुताबिक, सप्तशृंगी बिल्डिंग करीब 35 साल पुरानी है। बिल्डिंग में रिपेयरिंग का काम भी हाल ही में शुरू किया गया था। इमारत का स्लैब गिरने के बाद, अग्निशमन विभाग, टीडीआरएफ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पुलिस बल और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा राहत कार्य शुरू किया गया। लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू बंद किया गया। घायलों अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की यह घटना फिर एक बार जर्जर इमारतों की हालत और मनपा की लापरवाही को उजागर करती है। 

मृतक के परिजनों को 5 लाख मुआवजा

वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई से सटे कल्याण में एक इमारत की छत गिरने से 6 लोगों की मौत पर दुख जताया और मृतकों के परिवार को ₹5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। 

मृतकों के नाम

  1. प्रमिला साहू (58)
  2. नामस्वी शेलार (1.5)
  3. सुनीता साहू ( 37)
  4. सुजाता पाडी (32)
  5. सुशीला गुजर (78) 
  6. व्यंकट चव्हाण (42)

घायलों के नाम 

  1. अरुणा रोहिदास गिरणारायन (48)
  2. शरवील श्रीकांत शेलार (04)
  3. विनायक मनोज पाधी (45)
  4. यश क्षीरसागर (13)
  5. निखिल खरात (27)
  6. श्रद्धा साहू  (14)

बता दें कि बिल्डिंग को कल्याण डोंबिवली मनपा ने खतरनाक घोषित किया था। बिल्डिंग का नाम सप्तशृंगी हैं जो काफी साल पुरानी है। हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। 

(कल्याण से सुनील शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।