1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, 23 अप्रैल को होगी वोटिंग

सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, 23 अप्रैल को होगी वोटिंग

 Published : Apr 06, 2026 03:00 pm IST,  Updated : Apr 06, 2026 03:00 pm IST

सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिएअपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सुनेत्रा पार्टी के सीनियर नेताओं और एनडीए गठबंधन के नेताओं के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं।

sunetra pawar- India TV Hindi
सुनेत्रा पवार Image Source : PTI

 पुणे: महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) की नेता सुनेत्रा पवार ने 23 अप्रैल को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने पार्टी सहयोगियों सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और हसन मुशरिफ के साथ-साथ शिवसेना प्रमुख व डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और राज्य के मंत्री व भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किए। 

Related Stories

जनता से की भावुक अपील

एनसीपी, भाजपा और शिवसेना सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति का हिस्सा हैं। नामांकन दाखिल करने से पहले सुनेत्रा पवार ने बारामती की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे उन्हें उसी तरह समर्थन दें, जैसे उन्होंने हमेशा उनके दिवंगत पति अजित पवार को दिया। उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद बारामती में यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

अजित दादा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध

सुनेत्रा पवार ने कहा कि वह विकास की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अजित पवार के निधन को न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए "बड़ा नुकसान" बताया और कहा, "हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसा उपचुनाव होगा। बारामती का हर हिस्सा अजित दादा की छाप लिए हुए है। अपने दुख के बावजूद मैंने जनता के बीच आने का फैसला किया है।" 

विश्वास है कि आप मुझे भी वही प्यार देंगे

उन्होंने कहा, "आपने हमेशा अपने अजित दादा को रिकॉर्ड मतों से जिताया है। यह पहला चुनाव है जिसमें वह हमारे बीच नहीं हैं। मुझे विश्वास है कि आप मुझे भी वही प्यार और समर्थन देंगे।" सुनेत्रा पवार ने भरोसा दिलाया कि बारामती का विकास बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखा जाएगा। 

बारामती के भविष्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं 

उन्होंने कहा, "बारामती के भविष्य को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। किसानों को खेतों के लिए पानी मिलता रहेगा और हम शहर को खासकर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।" कांग्रेस ने इस उपचुनाव के लिए अपने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है। मतगणना चार मई को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।