Baramati Bypoll Unopposed Appeal: अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट खाली हुई है। यहां पर उपचुनाव के लिए आगामी 23 अप्रैल को मतदान होना है। इससे पहले दिवंगत अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने बारामती का उपचुनाव निर्विरोध हो जाने देने के लिए अपील की। जय पवार, बारामती में स्थानीय किसानों की समस्या को समझने के लिए दौरे पर गए थे, इस दौरान उन्होंने ये बात कही। जय पवार ने कहा कि मेरे दादा यानी शरद पवार ने सभी से अपील की है कि बारामती विधानसभा का उपचुनाव निर्विरोध हो। मेरी और बारामतीवासियों की भी यही इच्छा है।
अजित पवार के निधन के बाद बारामती में उपचुनाव
जय पवार ने आगे कहा कि सभी का अजित पवार पर प्रेम और विश्वास था। यह एक दुखद घड़ी है कि अजित पवार के निधन के बाद बारामती में उपचुनाव हो रहा है। इसीलिए सभी के मन में यह भाव है कि यह उपचुनाव निर्विरोध हो।
निर्विरोध चुनाव के लिए कांग्रेस से चल रही बात
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के छोटे बेटे जय पवार ने आगे कहा कि कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार दिए जाने की खबर मैंने भी सुनी थी, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। हमारे दल के वरिष्ठ नेता कांग्रेस के साथ बात कर रहे हैं। अगर हमारी जरूरत रही तो हम भी बात करेंगे।
आगामी सोमवार को नामांकन करेंगी सुनेत्रा पवार
उन्होंने बताया कि आगामी सोमवार को सुनेत्रा पवार बारामती उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस मौके पर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता- छगन भुजबल, हसन मुशरिफ , सुनील तटकरे और प्रफ्फुल पटेल आदि मौजूद रहेंगे।
CM फडणवीस से नामांकन में रहने की अपील
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी हमने नामांकन के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया है। जब पार्थ पवार ने राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था, तब वह मौके पर मौजूद रहे थे।