1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कौन बनेगा महाराष्ट्र का CM, किसके कहने पर चुना जाएगा? अमृता फडणवीस ने किया खुलासा

कौन बनेगा महाराष्ट्र का CM, किसके कहने पर चुना जाएगा? अमृता फडणवीस ने किया खुलासा

 Published : Nov 23, 2024 07:36 pm IST,  Updated : Nov 23, 2024 07:36 pm IST

अमृता फडणवीस ने कहा कि हर कोई खुश है कि भाजपा को इतनी बड़ी जीत मिली है। जीत का तो अंदाजा था, लेकिन यह उम्मीद से बढ़कर मिली शानदार जीत है। आज का दिन ऐतिहासिक है।

amruta fadnavis- India TV Hindi
देवेंद्र फडणवीस और अमृता फडणवीस Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की जीत उम्मीद से ज्यादा है। पेशे से बैंकर और गायिका अमृता ने कहा, ‘‘जीत का तो अंदाजा था, लेकिन यह उम्मीद से बढ़कर मिली शानदार जीत है। मैं बहुत खुश हूं।’’

अमृता फडणवीस ने कहा कि हर कोई खुश है कि भाजपा को इतनी बड़ी जीत मिली है। महायुति और भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है और आज का दिन ऐतिहासिक है। लाडली बहना योजना का बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा है और हमें इसका लाभ मिला है। भाजपा ने राज्य में विकास कार्य किए हैं और लोगों ने हर चीज का विश्लेषण करके हमारे पक्ष में मतदान किया है।

फडणवीस को फिर से CM के रूप में देखना चाहती हैं अमृता?

यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपने पति को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहेंगी, अमृता ने कहा, ‘‘पार्टी फैसला करेगी, महायुति फैसला करेगी। जिस नेता को सभी चुनेंगे, वह महाराष्ट्र के लिए अच्छा होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सभी ने अपना बेहतरीन प्रयास किया। अब अगला फैसला (कौन मुख्यमंत्री होगा) हमारे शीर्ष नेताओं और (भाजपा) संसदीय बोर्ड को करना है।’’

महायुति के सत्ता की ओर अग्रसर होने के बीच शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि इसमें एक ‘‘बड़ी साजिश’’ है और कुछ ‘‘गड़बड़’’ है। राउत के बयान के बारे में पूछे जाने पर अमृता ने कहा, ‘‘आज अच्छा दिन है, बुरी बात क्यों कही जाए।’’

देवेंद्र फडणवीस ने कन्हैया कुमार पर साधा था निशाना

देवेंद्र फडणवीस ने पिछले सप्ताह कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर उनकी पत्नी के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी करने को लेकर निशाना साधा था। फडणवीस ने यह भी कहा था कि उनकी पत्नी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों को शर्म आनी चाहिए और उन्हें ‘‘चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।’’ कन्हैया कुमार ने इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए अमृता फडणवीस पर टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया था। कुमार ने नागपुर में कहा था, ‘‘ऐसा नहीं हो सकता कि धर्म बचाने की जिम्मेदारी हमारी हो और उपमुख्यमंत्री की पत्नी इंस्टाग्राम पर रील बना रही हों। सबको मिलकर धर्म बचाना होगा।’’  

यह भी पढ़ें-

'महाराष्ट्र ऐसा करेगा... कुछ तो गड़बड़ है, लोग बता रहे EVM की जीत,' चुनावी नतीजों पर और क्या बोले उद्धव ठाकरे?

शरद पवार ने बारामती सीट पर घोषित किया था उत्तराधिकारी, जानिए क्या रहा इस विधानसभा क्षेत्र का चुनावी परिणाम?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।