Sunday, March 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. विरार बिल्डिंग हादसाः बेटी का पहला बर्थडे मनाने के तुंरत बाद मलबे में समा गया परिवार, अब तक 15 लोगों की मौत

विरार बिल्डिंग हादसाः बेटी का पहला बर्थडे मनाने के तुंरत बाद मलबे में समा गया परिवार, अब तक 15 लोगों की मौत

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Aug 28, 2025 12:44 pm IST, Updated : Aug 28, 2025 12:58 pm IST

विरार बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। मलबे से निकाले गए लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसी बिल्डिंग में एक बच्ची का जन्मदिन भी मनाया गया लेकिन कुछ मिनट के बाद पूरा परिवार उजड़ गया।

विरार बिल्डिंग हादसे में उजड़ गया परिवार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT विरार बिल्डिंग हादसे में उजड़ गया परिवार

पालघरः मुंबई से सटे पालघर के विरार में बिल्डिंग गिरने से मृतकों की संख्या बढ़कर अब 15 हो गई है। विरार के नारंगी इलाके में बुधवार को 4 मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट का एक हिस्सा गिर गया था। अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे ने बताया कि दुर्घटना में 36 घंटे बाद भी NDRF टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब तक 24 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से 9 का इलाज चल रहा है, जबकि 15 शव बरामद हुए हैं। अभी भी तलाश जारी है।

बिल्डर को किया गया गिरफ्तार

इस पूरे मामले में बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार बिल्डर का नाम नितल साने है। वसई विरार महापालिका की ओर से जो निवासी सुरक्षित बाहर निकल आए हैं, उनके भोजन और रहने की अस्थायी व्यवस्था भी की गई है।

बेटी का पहला बर्थडे मनाकर मलबे में समा गया परिवार

जानकारी के मुताबिक, रमाबाई अपार्टमेंट की चौथी मंजिल ओंकार जोयल का परिवार रहता था। हादसे से कुछ मिनट पहले तक ओंकार बेटी उत्कर्षां का पहला बर्थडे मना रहे थे। जन्मदिन की पार्टी में दोस्त और परिवार के लोग भी आए हुए थे लेकिन अब चौथी मंजिल पर रहने वाले ओंकार का पूरा परिवार उजड़ गया है।

जोयल परिवार ने बेटी उत्कर्षा का बर्थडे मनाने के लिए घर को अच्छे तरीके से सजाया था। केक काटने के महज कुछ मिनट के बाद ही बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही जोयल परिवार मलबे में समा गया। बच्ची और उसकी मां का शव बरामद कर लिया गया है जबकि उत्कर्षा के पिता अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने की कोशिश जारी है। दुर्घटना के बाद उनके दोस्त और रिश्तेदार इस उम्मीद में हैं कि ओंकार किसी तरह सुरक्षित मिल जाएं।

बर्थडे में आए थे कई मेहमान

जानकारी के मुताबिक, रात 9 बजे से 11 बजे तक ओंकार के घर पर जन्मदिन का समारोह चल रहा था। दोस्तों और रिश्तेदारों ने इकट्ठा होकर उत्कर्षा का जन्मदिन मनाया और रात 11 बजे के बाद सभी लोग वापस चले गए। रात 11:40 पर अचानक काल ने कहर ढा दिया। रमाबाई अपार्टमेंट की चार मंजिला इमारत के 12 कमरों का एक हिस्सा ढह गया और कुछ ही पलों में सब कुछ बर्बाद हो गया। इसी बिल्डिंग में रहने वाले सचिन निवालकर (उम्र 44), पत्नी सुप्रीला निवालकर (उम्र 40), बेटा अर्नव निवालकर (उम्र 14) लापता हैं। 

पालघर की जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने गुरुवार सुबह कहा कि घटना में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और अन्य बचाव दल यह सुनिश्चित करने के लिए मलबा हटाने का काम जारी रखेंगे कि मलबे में कोई और व्यक्ति फंसा न हो।

रिपोर्ट- हनीफ, पालघर

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement