1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. आठ पुरुषों से शादी कर उन्हें ठगने वाली दुल्हन को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 50 लाख रुपए तक लगा चुकी है चूना

आठ पुरुषों से शादी कर उन्हें ठगने वाली दुल्हन को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 50 लाख रुपए तक लगा चुकी है चूना

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Aug 01, 2025 11:38 pm IST,  Updated : Aug 01, 2025 11:41 pm IST

नागपुर पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है जो आठ पुरुषों से शादी कर उन्हें ठग चुकी है। महिला के एक पति का दावा है कि महिला ने अब करीब 50 लाख रुपये की ठगी की है।

ठगने वाली दुल्हन को पुलिस ने किया गिरफ्तार- India TV Hindi
ठगने वाली दुल्हन को पुलिस ने किया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

नागपुर: आठ पुरुषों से शादी कर उन्हें ठगने वाली "लुटेरी दुल्हन" आखिरकार पुलिस के जाल में फंस गई। गिट्टीखदान पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक नागपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले विवाहित पुरुषों को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे शादी करती थी। फिर एक महीने बाद झगड़ा कर उनसे पैसे ऐंठने लगती थी। 

प्रेम जाल में फंसाकर करती थी शादी

महिला का नाम समिरा फातिमा है। वह उच्च शिक्षित है और एक स्कूल में शिक्षिका के रूप में भी कार्य कर चुकी है। सोशल मीडिया के ज़रिए वह पुरुषों को अपने प्रेमजाल में फंसाती थी। फिर शादी कर लेती थी। यही उसका तरीका था। गुलाम पठान की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

डेढ़ साल से फरार चल रही थी महिला

पुलिस के अनुसार, लुटेरी दुल्हन ऊर्फ समिरा फातिमा पिछले डेढ़ साल से फरार थी, जिसे अब गिट्टीखदान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी समिरा सोशल मीडिया के माध्यम से विवाहित पुरुषों को प्रेमजाल में फंसाकर शादी करती थी और फिर झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करती थी। एक महीने के भीतर ही वह पुरुषों को फंसाने की धमकी देती थी। वह कोर्ट केस और सेटलमेंट के नाम पर बड़ी रकम वसूल करती थी। फरारी के दौरान वह सिविल लाइंस इलाके की एक टपरी पर चाय पीने आई थी, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। 

अब तक 50 लाख रुपये ठगने का दावा

 
पति गुलाम पठान ने मार्च 2023 में गिट्टीखदान थाने में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि 2010 से अब तक महिला ने कई विवाहित पुरुषों से शादी की और ठगी की। शादी के बाद वह उन्हें ब्लैकमेल करती थी और नए पति से पैसे ऐंठती थी। अब तक उसने 8 शादियां की है। वह एक स्कूल में शिक्षिका है। 

किसी नए पुरुष से बात करते समय वह कहती थी कि उसका तलाक हो चुका है। फिर “मुझे सहारा दो, मैं दूसरी पत्नी बनकर रहूंगी” कहकर पुरुषों को फंसाती थी। इसके बाद शादी करवाकर पैसे वसूलती थी। गुलाम पठान के अनुसार, अब तक उसने लगभग 50 लाख रुपए की ठगी की है, जिसमें से 10 लाख रुपए दिए जाने के पक्के सबूत मौजूद हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।