महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां करमाड इलाके में दिनदहाड़े एक महिला कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शिवसमर्थ पेट्रोल पंप पर काम कर रही 27 वर्षीय पूजा गावंडे का धारदार हथियार से गला रेतकर कत्ल कर दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।
चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है जब पूजा सुदाम गावंडे पेट्रोल पंप पर काम कर रही थी। तभी अचानक आरोपी सत्यम गावंडे वहां पहुंचा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गला रेतकर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी गई।
आरोपी और मृतका के बीच थे प्रेम संबंध
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे और आपसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही करमाड पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पंचनामा किया और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। फिलहाल आरोपी को कचनेर से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली में पेट्रोल चोरी का विरोध करने पर पीट-पीटकर हत्या
वहीं, बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला में खड़ी बाइकों से पेट्रोल चोरी का विरोध करने पर पड़ोसियों द्वारा कथित रूप से बुरी तरह से पीटे गए 50 वर्षीय व्यक्ति ने एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 मार्च की रात को बांकेनर गांव में उस समय घटी जब पास में एक धार्मिक आयोजन हो रहा था और कई लोगों ने पीड़ित के घर के बाहर अपने वाहन खड़े कर रखे थे।
रिपोर्ट- देव राजाले