1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम में बांग्लादेश के 6 घुसपैठिए पकड़े गए, वापस भेजा गया, CM हिमंत बिस्वा सरमा ने किया ट्वीट

असम में बांग्लादेश के 6 घुसपैठिए पकड़े गए, वापस भेजा गया, CM हिमंत बिस्वा सरमा ने किया ट्वीट

 Published : Dec 23, 2024 01:22 pm IST,  Updated : Dec 23, 2024 01:22 pm IST

असम पुलिस ने सख्त निगरानी करते हुए बांग्लादेश के 6 नागरिकों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार भेज दिया। पकड़े गए बांग्लादेशियों की पहचान मुस्तफिजुर रहमान, कब्बो क्रूज, मोहम्मद लेलिन मिया, सिराजुल इस्लाम, सैफुल इस्लाम और मुक्तार हुसैन के रूप में की गई है।

असम में पकड़े गए अवैध...- India TV Hindi
असम में पकड़े गए अवैध घुसपैठिए Image Source : X

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को बताया कि भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में बांग्लादेश के छह नागरिकों को राज्य की पुलिस ने पकड़ा और उन्हें पड़ोसी देश के प्राधिकारियों को सौंप दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट किया, ‘‘असम में अवैध घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। घुसपैठ के प्रयास करने वालों के खिलाफ असम पुलिस ने सख्त निगरानी करते हुए बांग्लादेश के छह नागरिकों को पकड़ा और उन्हें सीमा पार भेज दिया।’’

अगस्त के बाद से 170 घुसपैठिए पकड़े गए

पकड़े गए बांग्लादेशियों की पहचान मुस्तफिजुर रहमान, कब्बो क्रूज, मोहम्मद लेलिन मिया, सिराजुल इस्लाम, सैफुल इस्लाम और मुक्तार हुसैन के रूप में की गई है। बांग्लादेश में अगस्त के महीने में अशांति फैलने के बाद से अब तक असम में करीब 170 से अधिक लोगों को घुसपैठ करने पर पकड़ा गया और उन्हें वापस बांग्लादेश भेजा गया है।

पड़ोसी देश में अशांति फैलने के बाद से BSF ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस महानिदेशक जी. पी. सिंह ने पहले कहा था कि कोई भी व्यक्ति राज्य में प्रवेश न कर सके, इसके लिए असम पुलिस अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी ‘हाई अलर्ट’ है।

बांग्लादेशी घुसपैठियों को असम पुलिस ने खदेड़ा

चार दिन पहले भी भारत में असम के रास्ते अवैध रूप से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे दो बांग्लादेशियों को असम पुलिस ने वापस खदेड़ दिया था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी दी थी। हालांकि सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने यह नहीं बताया कि दोनों बांग्लादेशी आखिर असम के किस जिले से घुसपैठ करने का प्रयास कर रहे थे। सरमा ने गुरुवार को सोशल मीडिया साइट पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक सराहनीय अभियान में असम पुलिस ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के रूप में पहचाने गए दो लोगों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।'

असम में अवैध घुसपैठ के खिलाफ जारी है अभियान

हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ‘अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ने के एक और सफल ऑपरेशन के तहत 2 बांग्लादेशियों को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़ा गया और असम पुलिस द्वारा उन्हें सीमा पार वापस भेज दिया गया।’ उन्होंने बताया कि वापस भेजे गए बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान सिमु बेगम और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। बता दें कि असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Assam से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट