1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. मणिपुर के सीएम ने दिया इस्तीफा, अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया बड़ा फैसला

मणिपुर के सीएम ने दिया इस्तीफा, अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया बड़ा फैसला

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 09, 2025 06:30 pm IST,  Updated : Feb 09, 2025 11:17 pm IST

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इंफाल के राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा पत्र सौंपा।

एन बीरेन सिंह ने सीएम पद से दिया इस्तीफा।- India TV Hindi
एन बीरेन सिंह ने सीएम पद से दिया इस्तीफा। Image Source : INDIA TV

इम्फाल: मणिपुर में बीते कई महीनों से चल रही हिंसा के बीच राज्य से बड़ी खबर सामने आ रही है। इम्फाल स्थित राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात के बाद एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान एन बीरेन सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी और एनपीएफ के 14 विधायक भी थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ए शारदा और भाजपा के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद एन बीरेन सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय गए।

इस्तीफे में एन बीरेन सिंह ने क्या लिखा

एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘अब तक मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं प्रत्येक मणिपुरी के हितों की रक्षा के लिए समय पर की गई कार्रवाई, हस्तक्षेप, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं।’’ इससे पहले एन बीरेन सिंह ने आज ही दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

कल से होना था विधानसभा सत्र

बता दें कि एन बीरेन सिंह शनिवार को विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। यहां आज उन्होंने दिन में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। बता दें कि मणिपुर में सोमवार से ही विधानसभा सत्र शुरू होना था। दिल्ली आने से पहले शनिवार को एन बीरेन सिंह ने राज्य में 10 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के सिलसिले में मुख्यमंत्री सचिवालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों के साथ बैठक भी की थी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक में कम से कम 20 विधायक मौजूद थे। यह बैठक इसलिए आयोजित की गई थी क्योंकि सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ विपक्षी कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहती है।

विधानसभा का आगामी सत्र रद्द

मणिपुर में 10 फरवरी से शुरू होने वाले 12वीं विधानसभा के सातवें सत्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। विधानसभा सचिव के. मेघजीत सिंह द्वारा रविवार को जारी एक नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 12वीं मणिपुर विधानसभा के सातवें सत्र को आहूत करने के पिछले निर्देश को तत्काल प्रभाव से अमान्य घोषित कर दिया है।

किस पार्टी के कितने विधायक

बता दें कि 60 सदस्यों वाली मणिपुर विधानसभा में कांग्रेस के पांच विधायक हैं। एक अन्य विपक्षी पार्टी एनपीपी के सात विधायक हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 32 विधायक हैं और उसे नगा पीपुल्स फ्रंट के पांच और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के छह विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में तीन निर्दलीय विधायक और कुकी पीपुल्स अलायंस के दो विधायक भी हैं।

यह भी पढ़ें- 

पूर्व CM की बेटी से 4 करोड़ की ठगी, विक्रांत मैसी की फिल्म में काम दिलाने का दिया था झांसा

संपत्ति के लिए पोते ने की उद्योगपति की हत्या, चाकू से 70 बार किया हमला, अमेरिका से पढ़कर लौटा था वापस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट