1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. अगर केंद्र में बीजेपी नहीं होगी, तो मणिपुर टूट जाएगा: CM एन बीरेन सिंह

अगर केंद्र में बीजेपी नहीं होगी, तो मणिपुर टूट जाएगा: CM एन बीरेन सिंह

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 15, 2025 02:15 pm IST,  Updated : Jan 15, 2025 02:15 pm IST

मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने दावा किया कि अगर केंद्र में बीजेपी नहीं होगी, तो मणिपुर टूट जाएगा। कांग्रेस वाले ऐसे बोलते हैं, जैसे यहां सीमा पर कुछ हो ही नहीं रहा है। उन्हें बढ़ते जनसांख्यिकीय असंतुलन के बारे में पता नहीं है।

एन. बीरेन सिंह- India TV Hindi
एन. बीरेन सिंह Image Source : FILE PHOTO

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी और उसके सांसदों पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने भावनात्मक आवेग में आकर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन पार्टी के सांसद मणिपुर के मुख्य मुद्दों को संसद में उठाने में नाकाम रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह बयान इंफाल में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने दावा किया, यदि केंद्र में बीजेपी नहीं होगी, तो मणिपुर टूट जाएगा।

एन. बीरेन सिंह ने कहा कि मणिपुर के लोग अचानक भावुक होकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर बैठे थे, लेकिन इसके बाद कांग्रेस के दोनों सांसदों ने सीमा पर बाड़ लगाने, अवैध आप्रवासियों की पहचान और मुक्त आवागमन व्यवस्था (एफएमआर) जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई आवाज नहीं उठाई। उन्होंने सवाल किया, "क्या इन सांसदों ने संसद में इन मुद्दों पर बात की है? जब राज्य में कई लोग मारे गए और विस्थापित हुए, तब इन्हें कैसे वोट दिया गया?" मुख्यमंत्री ने मणिपुर के लोगों से यह सवाल भी किया कि उन्होंने कांग्रेस के सांसदों को वोट क्यों दिया और वे अब संसद में क्या कर रहे हैं?

चिदंबरम के बयान पर हमला

मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा मणिपुर में तीन प्रमुख समुदायों को क्षेत्रीय स्वायत्तता देने के सुझाव पर भी कांग्रेस पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है और इस पर कभी कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। उन्होंने कहा, "चिदंबरम की पोस्ट पर कांग्रेस ने कभी जवाब नहीं दिया। उनके कार्यकाल में ही बाहर से आए लोगों ने अभियान स्थगन समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।"

"राज्य को बीजेपी ने बचाया है" 

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को सांप्रदायिक और जनसांख्यिकीय असंतुलन के बढ़ते खतरे के बारे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ऐसे बोलते हैं, जैसे यहां सीमा पर कुछ हो ही नहीं रहा है। उन्हें बढ़ते जनसांख्यिकीय असंतुलन के बारे में कोई जानकारी नहीं है।" मुख्यमंत्री ने कहा भारतीय जनता पार्टी ने राज्य को “बचाया” है। उन्होंने दावा किया, “यदि केंद्र में बीजेपी नहीं होगी, तो मणिपुर टूट जाएगा। केवल भाजपा ने ही राज्य को बचाया है।” उन्होंने कहा, “जो लोग देश और अपनी धरती से प्रेम करते हैं, वे बीजेपी के समर्थक हैं।” सिंह संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी के 15 दिवसीय अभियान के तहत थंबल सांगलेन में संविधान गौरव अभियान को संबोधित कर रहे थे। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

VIDEO: कर्नाटक में अंगारों से गुजरते बैल ने 3 लोगों को मारी टक्कर, बेसुध होकर गिरे

नई दिल्ली सीट: अरविंद केजरीवाल और प्रवेश वर्मा आज पर्चा करेंगे दाखिल, नामांकन से पहले AAP संयोजक की बढ़ीं मुश्किलें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट