1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. क्या मणिपुर में फिर हिंसा भड़काने की थी साजिश? पश्चिमी इंफाल से उग्रवादी संगठन के दो एक्टिविस्ट गिरफ्तार

क्या मणिपुर में फिर हिंसा भड़काने की थी साजिश? पश्चिमी इंफाल से उग्रवादी संगठन के दो एक्टिविस्ट गिरफ्तार

 Published : Oct 13, 2024 02:53 pm IST,  Updated : Oct 13, 2024 02:58 pm IST

राज्य में अशांति के चलते मणिपुर पुलिस बेहद चौकन्ना है। किसी भी बड़ी अनहोनी से पहले ही पुलिस ने उग्रवादी संगठन के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इन उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है।

मणिपुर पुलिस ने उग्रवादी संगठन के दो कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार- India TV Hindi
मणिपुर पुलिस ने उग्रवादी संगठन के दो कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार Image Source : FILE PHOTO-PTI

मणिपुर में पिछले कई महीनों से अशांति है। राज्य के कई जिलों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही है। इस बीच, इम्फाल पश्चिम जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक’ (PREPAK) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। 

व्यापारियों से कर रहे थे जबरन वसूली

मणिपुर पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं जिनकी उम्र 34 और 18 साल है। वे राज्य की राजधानी इम्फाल में कथित तौर पर व्यापारियों से जबरन वसूली में संलिप्त थे। 

दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त

पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधियों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। राज्य सरकार ने इन समूहों द्वारा बढ़ती जबरन वसूली की घटनाओं से निपटने के लिए हाल ही में एक जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ का गठन किया है। 

जबरन वसूली की घटनाएं बढ़ीं

पुलिस महानिरीक्षक (खुफिया) के. कबीब ने पहले बताया था कि पिछले 16 महीनों में जबरन वसूली की घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया था कि खासकर पिछले साल मई में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से इन घटनाओं में वृद्धि हुई है। ऐसा संदेह है कि जबरन वसूली करने वाले लोग पुलिस शस्त्रागारों से लूटे गए हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। 

हिंसक झड़पों में 200 से ज्यादा लोग मारे गए

बता दें कि मणिपुर में तीन मई, 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच हुई विभिन्न हिंसक झड़पों में 200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। हजारों लोग बेघर हुए हैं। तब से कई पुलिस के हथियार भी लूटे गए हैं। 

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट