नई दिल्ली। टाटा मोटर्स की एसयूवी नेक्सन को सुरक्षा रेटिंग देने वाली इकाई ग्लोबल एनसीएपी ने वयस्कों के संबंध में पांच सितारा रेटिंग दी है, जबकि महिंद्रा की मराजो को इसी श्रेणी में चार सितारा रेटिंग मिली है।
Related Stories
टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि वैश्विक स्तर पर सुरक्षा प्रमाणपत्र देने वाली इकाई ग्लोबर एनसीएपी ने उसकी एसयूवी नेक्सन को वयस्कों के लिए पांच सितारा रेटिंग दी है। हालांकि बच्चों के लिए इसे तीन सितारा रेटिंग दी गई है।
ग्लोबल एनसीएपी कार की टक्कर कराकर सुरक्षा परीक्षण करता है। इसमें कार के ढांचे की एकरूपता और संपूर्ण सुरक्षा की समीक्षा की जाती है। कार का परीक्षण सामने से टक्कर और दोनों तरफ से टक्कर करके किया जाता है।
इसी बीच यूटिलिटी वाहन बनाने वाली घरेलू कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी एक बयान में जानकारी दी कि उसकी एमयूवी मराजो को ग्लोबल एनसीएपी से वयस्क श्रेणी में चार सितारा सुरक्षा रेटिंग दी गई है।