1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Auto Sales May 2026: मई में जमकर बिकीं गाड़ियां! मारुति सुजुकी ने बेचीं 2.42 लाख से ज्यादा कारें, हुंडई और महिंद्रा ने भी गाड़े झंडे

Auto Sales May 2026: मई में जमकर बिकीं गाड़ियां! मारुति सुजुकी ने बेचीं 2.42 लाख से ज्यादा कारें, हुंडई और महिंद्रा ने भी गाड़े झंडे

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Jun 01, 2026 12:54 pm IST,  Updated : Jun 01, 2026 12:57 pm IST

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए मई 2026 शानदार साबित हुआ। देश की प्रमुख वाहन कंपनियों ने बिक्री के मोर्चे पर दमदार प्रदर्शन किया है। बढ़ती उपभोक्ता मांग, SUV सेगमेंट की लोकप्रियता और ग्रामीण बाजारों में सुधार के चलते कई कंपनियों की बिक्री में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ऑटो सेक्टर में मची धूम!- India TV Hindi
ऑटो सेक्टर में मची धूम! Image Source : CANVA

भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए मई 2026 का महीना ऐतिहासिक साबित हुआ है। देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक बिक्री आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में पैसेंजर और यूटिलिटी वाहनों की मांग में जबरदस्त बूम देखा गया है। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने इस महीने सालाना आधार पर 34 फीसदी की तूफानी बढ़त दर्ज की है. वहीं हुंडई (Hyundai), महिंद्रा (Mahindra) और टोयोटा (Toyota) जैसी कंपनियों ने भी मजबूत डबल-डिजिट ग्रोथ के साथ बाजार में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने मई 2026 में कुल 2,42,688 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 34 फीसदी अधिक है। कंपनी की एंट्री-लेवल कारों ऑल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री में 140 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई। वहीं ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रोंक्स और ग्रैंड विटारा जैसी लोकप्रिय कारों की बिक्री भी 44 फीसदी बढ़ी।

हुंडई की बिक्री में भी शानदार उछाल

हुंडई मोटर इंडिया ने मई में घरेलू बाजार में 47,837 वाहनों की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 9.1 फीसदी ज्यादा है। कंपनी की कुल बिक्री, जिसमें निर्यात भी शामिल है, 61,137 यूनिट रही। वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो महीनों में हुंडई की घरेलू बिक्री 13 फीसदी बढ़कर लगभग एक लाख यूनिट के करीब पहुंच गई है।

महिंद्रा की एसयूवी का जलवा बरकरार

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मई 2026 में कुल 99,636 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के मुकाबले 20 फीसदी अधिक है। कंपनी की एसयूवी बिक्री 58,021 यूनिट रही, जिसमें 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि कंपनी ने कुछ सप्लायरों के यहां मैनपावर की कमी को सप्लाई चेन के लिए चुनौती बताया है।

टोयोटा ने भी दिखाई मजबूती

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मई में कुल 33,128 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा है। कंपनी के निर्यात में 61 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा टोयोटा ने भारत में 3 लाख से अधिक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वाहनों की बिक्री का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार कर लिया।

एमजी मोटर ने चुनौतियों के बीच बनाए रखा प्रदर्शन

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने मई 2026 में 6,048 वाहनों की बिक्री की। कंपनी ने बताया कि वैश्विक सप्लाई चेन बाधाओं और बढ़ती माल ढुलाई लागत के बावजूद उसका प्रदर्शन स्थिर बना हुआ है।

ऑटो सेक्टर में बनी हुई है मजबूत मांग

मई के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ऑटो बाजार में ग्राहकों की मांग मजबूत बनी हुई है। खासकर एसयूवी और हाइब्रिड वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में भी ऑटो सेक्टर की रफ्तार बरकरार रह सकती है, जिससे कंपनियों की बिक्री और मुनाफे में और सुधार देखने को मिल सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा