1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Ford भारत से विदाई के बाद भी देने जा रही है बड़ा तोहफा, जानिए किन लोगों की खुलेगी लॉटरी

Ford भारत से विदाई के बाद भी देने जा रही है बड़ा तोहफा, जानिए किन लोगों की खुलेगी लॉटरी

 Published : Sep 10, 2022 06:30 pm IST,  Updated : Sep 10, 2022 06:30 pm IST

सितंबर 2021 में फोर्ड ने भारतीय बाजार से हटने के साथ ही अपने कारखाना को भी बंद करने की घोषणा कर दी थी।

Ford- India TV Hindi
Ford Image Source : FILE

अमेरिकी ऑटोमोबाइल कंपनी फोर्ड बीते साल भारत से कारोबार समेटने का ऐलान कर चुकी है। फोर्ड की भारत से अचानक हुई विदाई के चलते जहां फोर्ड कंपनी के ग्राहकों को तो ज्यादा परेशानी नहीं हुई है, लेकिन वे कर्मचारी जो फोर्ड की फैक्ट्री में काम करते थे, उनका भविष्य संकट में आ गया था। लेकिन अब जल्द ही इन कर्मचारियों की किस्मत साथ देने जा रही है। फोर्ड जल्द ही इन कर्मचारियों के लिए मुआवजा पैकेज की घोषणा कर सकती है। 

13 सितंबर को होगी घोषणा 

भारत से अपने कदम समेट चुकी अमेरिकी वाहन विनिर्माता फोर्ड के चेन्नई से सटे कारखाने के कर्मचारियों ने बेहतर मुआवजा पैकेज के मुद्दे पर 13 सितंबर को होने वाली त्रिपक्षीय वार्ता से सकारात्मक नतीजे निकलने की उम्मीद जताई है। फोर्ड के प्रबंधन और कर्मचारियों की वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ मुआवजा पैकेज को लेकर बातचीत होने वाली है। सितंबर 2021 में फोर्ड ने भारतीय बाजार से हटने के साथ ही अपने कारखाना को भी बंद करने की घोषणा कर दी थी। 

कर्मचारियों और कंपनी के बीच विवाद 

फोर्ड इंडिया ने हाल ही में कहा था कि वह कर्मचारी संगठनों के साथ एक ’समुचित एवं वाजिब’ मुआवजा पैकेज के मुद्दे पर लगातार बात करता रहा है। इस संबंध में अब तक कंपनी और कर्मचारियों की सरकारी अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है। फोर्ड इंडिया ने पिछले प्रयासों के नाकाम रहने के लिए कर्मचारी संगठनों की गैरवाजिब मांगों को जिम्मेदार बताया था। इस बारे में फोर्ड इंडिया कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि कंपनी ने मुआवजा पैकेज में कर कटौती के पहलू का ध्यान नहीं रखा था। 

अगस्त से बंद पड़ा है कारखाना 

कर्मचारी संगठन के एक प्रतिनिधि ने कहा, ’कारखाना 31 अगस्त से ही बंद पड़ा हुआ है और अभी कोई भी कर्मचारी संयंत्र में मौजूद नहीं है। सिर्फ बिक्री सेवा और कलपुर्जों की बिक्री जैसे काम ही वहां हो रहे हैं। हमें कारखाने में घुसने तक की इजाजत नहीं है। प्रबंधन हमसे ऑफर को स्वीकार करने को कह रहा है।’ 

प्रत्येक कर्मचारी के लिए 41 लाख की मांग 

कंपनी ने अंतिम पेशकश के तौर पर हरेक कर्मचारी को औसतन 41 लाख रुपये का मुआवजा पैकेज देने की बात कही है। उसने पांच सितंबर से 23 सितंबर के बीच इस पैकेज को स्वीकार करने का अनुरोध कर्मचारियों से किया है। फोर्ड प्रबंधन ने यह चेतावनी भी दी है कि इस समयसीमा के भीतर मुआवजा पैकेज स्वीकार नहीं करने पर कर्मचारियों की अगर छंटनी होती है तो उन्हें प्रत्येक सेवा वर्ष के लिए 15 दिन का मुआवजा ही दिया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा