लग्जरी कार ब्रांड मर्सिडीज-बेंज ने भारत में आगामी 1 जनवरी 2024 से अपनी चुनिंदा मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी करने की अनाउंसमेंट कर दी है। यानी आपको अब इस ब्रांड की चुनिंदा कारों को खरीदने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसा खर्च करने होंगे। भाषा की खबर के मुताबिक, जर्मनी की लग्जरी कार मैनुफैक्चरर कंपनी मर्सिडीज-बेंज कच्चे माल, जिंस और लॉजिस्टिक्स की बढ़ती लागत को कम करने के मकसद से दाम में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
Related Stories
किस मॉडल की कितनी बढ़ेगी कीमत
खबर के मुताबिक, आंशिक रूप से कम करने के लिए नए साल यानी 1 जनवरी से भारत में चुनिंदा मॉडल की कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। कीमतों में बढ़ोतरी सी-क्लास के लिए 60,000 रुपये से लेकर जीएलएस एसयूवी के लिए 2.6 लाख रुपये और ‘टॉप-एंड’ आयातित मर्सिडीज-मेबैक एस 680 के लिए 3.4 लाख रुपये तक होगी।
कंपनी का क्या है कहना
मर्सिडीज-बेंज के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संतोष अय्यर ने कहा कि बढ़ती लागत की भरपाई करने और लाभदायक कारोबारी संचालन और मूल्य स्थिति को बनाए रखने के लिए चुनिंदा मॉडल की कीमतें मामूली रूप से बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम इस बढ़ोतरी का अधिकतर भार खुद उठाएंगे, लेकिन इसका कुछ भार बाजार पर भी डाला जाएगा। मर्सिडीज-बेंज इंडिया ए-क्लास सेडान से लेकर एसयूवी जी63 एएमजी तक बेचती है। कंपनी के अलग-अलग मॉडल की कीमत 46 लाख रुपये से 3.4 करोड़ रुपये तक है।
इससे पहले ऑडी, टोयोटा सहित कई कंपनियां अपनी-अपनी कारों और अन्य वाहनों की कीमतों में 1 जनवरी 2024 से बढ़ोतरी करने का ऐलान कर चुकी हैं। इन सभी कंपनियों ने बढ़ोतरी की वजह लगभग समान ही बताई है। ऐसा देखा जाता है कि साल के आखिरी महीने में भारत में कंपनियां नए साल की शुरुआत होते ही दाम बढ़ाने की घोषणा करती हैं। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने भी 1 जनवरी से दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।