1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. कार लोन लेने जा रहे तो पहले जान लें 20/4/10 का नियम, नुकसान से बच जाएंगे आप

कार लोन लेने जा रहे तो पहले जान लें 20/4/10 का नियम, नुकसान से बच जाएंगे आप

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 19, 2023 09:48 pm IST,  Updated : Dec 19, 2023 09:48 pm IST

इस समय लगभग सभी बड़ी कार कंपनियों ने ईयर एंड ऑफर्स निकाले हुए हैं। इनमें डिस्काउंट और एक्सचेंज ऑफर्स शामिल हैं। ज्यादातर लोग कार खरीदने के लिए लोन लेते हैं। कार लोन में 20/4/10 का नियम बड़ा मददगार है। यह आपको बताता है कि आपको कैसा कार लोन लेना चाहिए।

कार लोन- India TV Hindi
कार लोन Image Source : FREEPIK

चाहे पेट्रोल कार हो, डीजल कार या फिर इलेक्ट्रिक कार। इस समय सभी पर अच्छा-खासा डिस्काउंट मिल रहा है। करीब-करीब सभी बड़ी कार कंपनियों ने इस समय ईयर एंड ऑफर्स (Year End Offers on Cars) निकाले हुए हैं। इनमें डिस्काउंट के साथ ही एक्सचेंज ऑफर्स भी मिल रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में ग्राहक साल बीतने से पहले कार खरीदना चाह रहे होंगे। ज्यादातर लोग लोन पर कार (Car Loan) खरीदना पसंद करते हैं। कई बैंक्स और एनबीएफसी कार लोन की पेशकश करते हैं। लेकिन कार लोन लेते समय लोगों के मन में कई उलझने और सवाल रहते हैं। जैसे- कितने रुपये का लोन लें। कितनी अवधि का लोन लेना ठीक रहेगा। बैंक से ज्यादा रुपये का लोन मिल रहा तो महंगी कार खरीदें या नहीं। ये ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब आसानी से नहीं मिल पाते हैं। अगर आपके मन में भी ऐसे सावल हैं, तो आपके जवाब 20/4/10 के नियम में छुपे हुए हैं।

क्या है 20/4/10 का नियम?

20/4/10 का नियम कार लोन लेते समय काफी काम आता है। यह नियम आपको बताता है कि कितने रुपये का और कितनी अवधि का कार लोन लेना चाहिए। ग्राहक की आर्थिक स्थिति के हिसाब से यह जवाब देता है। इस नियम के अनुसार आप किसी कार को तब अफोर्ड कर सकते हैं, जब आप इन तीन जरूरतों को पूरा कर रहे हों :

1. इस नियम के अनुसार, कार खरीदते समय आपको कम से कम 20 फीसदी या इससे अधिक का डाउन पेमेंट करना चाहिए। अगर आप ऐसा कर सकते हैं तो नियम की पहली जरूरत पूरी हो जाती है।

2. 20/4/10  का नियम कहता है कि ग्राहकों को 4 साल या इससे कम अवधि के लिए कार लोन लेना चाहिए। यानी लोन की अवधि अधिकतम 4 साल होनी चाहिए। इस तरह आप वही कार खरीदें, जिसका लोन आप 4 साल के अंदर चुका सकें।

3. 20/4/10  का नियम कहता है कि आपकी कुल ट्रांसपोर्टेशन लागत (कार की EMI सहित) आपकी मंथली सैलरी के 10 फीसदी से कम होनी चाहिए। ट्रांसपोर्टेशन लागत में ईएमआई के अलावा फ्यूल और मेंटेनेंस का खर्चा भी शामिल होता है। अब आप वही कार खरीदें, जिसमें आप इन तीनों जरूरतों को पूरा कर सकें।

ये टिप्स आएंगे काम

आप कार खरीदने जा रहे हो, तो कुछ बातों पर जरूर गौर करें। जितना ज्यादा हो सके उतना डाउन पेमेंट करें। अपग्रेडेड मॉडल लेने के बजाय कार का बेस मॉडल खरीदें, क्योंकि यह सस्ता पड़ेगा। पिछले साल की बची हुई नई कार इन्वेंट्री पर विचार करें। अपनी मौजूदा कार को अधिक समय तक अपने पास रखें और नई कार के लिए बचत करें। नई कार खरीदने की बजाय यूज्ड कार भी खरीद सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा