नई दिल्ली। थोक बाजार में प्याज की कीमतों में एकतरफा तेजी का सिलसिला बना हुआ है जिसका असर रिटेल मार्केट पर भी दिख सकता है। देशभर में प्याज के थोक कारोबार के लिए सबसे बड़ी मंडी महाराष्ट्र के लासलगांव में सोमवार को प्याज का अधिकतम भाव 4,251 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जो करीब 25 महीने यानि अक्टूबर 2015 के बाद सबसे अधिक भाव है। थोक बाजार में प्याज की कीमतों में आई तेजी की वजह से रिटेल मार्केट में भी इसकी कीमतें बढ़ सकती हैं।
फिलहाल ज्यादातर रिटेल मंडियों में प्याज का भाव 50-70 रुपए प्रति किलो के बीच है, केंद्रीय उपभोक्ता विभाग के मुताबिक मंगलवार को देशभर में प्याज का सबसे अधिक रिटेल भाव पूर्वोत्तर के आईजोल में दर्ज किया गया जहां प्याज 70 रुपए प्रति किलो पर बिका। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को प्याज का रिटेल भाव 63 रुपए, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 45 रुपए, गुजरात के अहमदाबाद में 32 रुपए, मुंबई में 50 रुपए, कोलकाता में 55 रुपए और बिहार के पटना में 50 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया।
हालांकि इस साल प्याज की पैदावार ज्यादा हुई है और नवंबर के दौरान आवक भी बढ़ी है जिससे आने वाले दिनों में थोक बाजार में भाव घट सकता है और लंबी अवधि में रिटेल मार्केट में भी इसकी कीमतों में नरमी आ सकती है। लासलगांव में प्याज की आवक की बात करें तो नवंबर में 28 नवंबर तक मासिक आवक 2.27 लाख क्विंटल रही है जबकि पिछले साल नवंबर में कुल आवक 1.57 लाख क्विंटल दर्ज की गई थी, यानि इस आवक ज्यादा रही है जो लंबी अवधि के दौरान प्याज के भाव को कम करने में मददगार साबित होगी।