मुंबई। देश के शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में सोमवार को तेजी का रुख बना हुआ है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सुबह 10.0 बजे 325.97 अंकों की तेजी के साथ 25,555 पर और निफ्टी भी लगभग इसी समय 99.30 अंकों की मजबूती के साथ 7,832.40 पर कारोबार करते देखे गए।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 93.33 अंकों की मजबूती के साथ 25,321.83 पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 21.80 अंकों की बढ़त के साथ 7,755.25 पर खुला। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी बढ़कर 11000 के ऊपर पहुंच गया है। वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी की तेजी के साथ 10960 के स्तर पर पहुंच गया है।
मेटल, रियल्टी, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, ऑटो, बैंकिंग, टेलीकॉम, पावर और कैपिटल गुड्स शेयरों में खरीदारी से बाजार में मजबूती आई है। कारोबार के इस दौरान दिग्गज शेयरों में हिंडाल्को, एनटीपीसी, आईटीसी, एचडीएफसी, टाटा स्टील और ओएनजीसी में सबसे ज्यादा 2.2-1.3 फीसदी की तेजी आई है। मिडकैप शेयरों में इमामी, एमआरपीएल, ओबेरॉय रियल्टी, एल्स्टॉम टीएंडडी और एबीबी इंडिया सबसे ज्यादा 3 फीसदी तक उछले हैं।
चीन के शेयर सोमवार को कमजोरी के साथ खुले। शंघाई कम्पोजिट सूचकांक पर चीनी शेयर 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,896.16. पर खुले। समचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, शेन्झेन सूचकांक 0.81 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,018.51 पर खुला। चीनेक्सट सूचकांक 1.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,107.33 अंकों पर खुला।