1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Amazon ने अपनी भुगतान इकाई Amazon Pay में किया 225 करोड़ रुपये का निवेश, देगी प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्‍कर

Amazon ने अपनी भुगतान इकाई Amazon Pay में किया 225 करोड़ रुपये का निवेश, देगी प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्‍कर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 12, 2021 12:48 pm IST,  Updated : Mar 12, 2021 12:48 pm IST

अमेजन भारतीय बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत बनाने के लिए अपने विभिन्न ऑपरेशन जैसे मार्केटप्लेस, होलसेल और पेमेंट्स बिजनेस में करोड़ों डॉलर का निवेश कर रही है।

Amazon infuses Rs 225 cr into India payments unit- India TV Hindi
Amazon infuses Rs 225 cr into India payments unit Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्‍ली। दुनिया की दिग्‍गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन (Amazon) ने भारत में अपनी भुगतान इकाई अमेजन पे (Amazon Pay) में 225 करोड़ रुपये का ताजा निवेश किया है। नियामकीय दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है। इस नए निवेश से कंपनी अपनी प्रतिद्वंद्वियों फोनपे (PhonePe), गूगल पे (Google Pay) और पेटीएम (Paytm) के साथ बेहतर तरीके से प्रतिस्पर्धा कर पाएगी।

व्यापार आसूचना मंच टॉफलर के अनुसार कंपनी के निदेशक मंडल ने राइट्स आधार पर मौजूदा शेयरधारकों को 225 करोड़ रुपये के 22,50,00,000 इक्विटी शेयर आवंटित करने की मंजूरी दे दी है। कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के पास जमा कराए दस्तावेजों के अनुसार ये शेयर अमेजन कॉरपोरेट होल्डिंग्स प्राइवेट लि. और अमेजन डॉट कॉम इंक्स को आवंटित किए गए हैं। इस बारे में अमेजन की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

पिछले साल अक्‍टूबर में, अमेजन पे ने 700 करोड़ रुपये की राशि हासिल की थी, जबकि जनवरी में 1355 करोड़ रुपये की राशि मूल कंपनी द्वारा प्रदान की गई थी। अमेजन भारतीय बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत बनाने के लिए अपने विभिन्‍न ऑपरेशन जैसे मार्केटप्‍लेस, होलसेल और पेमेंट्स बिजनेस में करोड़ों डॉलर का निवेश कर रही है।

पिछले साल जनवरी में, अमेजन के संस्‍थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) ने लघु एवं मध्‍यम उद्यमों को ऑनलाइन लाने में मदद के लिए 1 अरब डॉलर (7000 करोड़ रुपये से अधिक) का निवेश करने की घोषणा की थी। इससे पहले ऑनलाइन दिग्‍गज कंपनी ने भारत में 5.5 अरब डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई थी। अमेरिका के बाहर भारत अमेजन के लिए एक महत्‍वपूर्ण बाजार है और उसकी वृद्धि में यह एक प्रमुख इंजन भी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा