1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. खुद बोइंग ने माना 737 मैक्स विमानों में लगे हो सकते हैं खराब उपकरण

खुद बोइंग ने माना 737 मैक्स विमानों में लगे हो सकते हैं खराब उपकरण

 Edited By: India TV Business Desk
 Published : Jun 03, 2019 12:15 pm IST,  Updated : Jun 03, 2019 12:15 pm IST

विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने कहा है कि कई 737 मैक्स विमानों समेत उसके कुछ 737 विमानों के पंखों में खराब उपकरण लगे हो सकते हैं।

Boeing says Some of its Boeing 737 MAX Jets May Have Bad Parts- India TV Hindi
Boeing says Some of its Boeing 737 MAX Jets May Have Bad Parts Image Source : SOCIAL MEDIA

न्यूयॉर्क। विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने कहा है कि कई 737 मैक्स विमानों समेत उसके कुछ 737 विमानों के पंखों में खराब उपकरण लगे हो सकते हैं। बंद पड़े अपने सबसे महत्वपूर्ण और लोकप्रिय विमानों की सेवाएं दोबारा शुरू कराने का प्रयास कर रहे बोइंग की हालिया जांच में यह समस्या सामने आई है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के साथ काम करते हुए बोइंग ने रविवार को कहा कि उसने 737 विमान उड़ाने वाली एयरलाइंस से बात कर उन्हें मैक्स और एनजी विमानों में लगे स्लैट ट्रैक को जांचने की सलाह दी है। 737 एनजी सीरीज में 737-600, -700, -800, -900 विमान हैं। बोइंग और एफएए ने कहा कि कुछ ट्रैक्स शायद निर्माण के मानदंडों पर खरे न उतरें और उन्हें शायद बदलने की आवश्यकता है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अगर उपकरणों में कुछ कमी पाई गई तो एयरलाइंस को उन्हें तुरंत बदलना चाहिए। बोइंग ने कहा कि बोइंग 737 मैक्स विमानों में पाई गई इस नई कमी के कारण एक ही आपूर्तिकर्ता द्वारा निर्मित 148 स्लैट ट्रैक्स प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी ने कहा कि उसे लगता है कि 20 737 मैक्स और 21 737 एनजी विमानों में खराब उपकरण हो सकते हैं। लेकिन एफएए (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ) ने एयरलाइंस को 179 मैक्स विमानों और 133 एनजी विमानों को भी जांच करके यह पता लगाने की सलाह दी है कि क्या उनके पार्ट्स में भी खामियां हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा