1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डीजल का भाव 65 रुपए के भी पार, दिल्ली में बना नया रिकॉर्ड

डीजल का भाव 65 रुपए के भी पार, दिल्ली में बना नया रिकॉर्ड

 Reported By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Jan 12, 2018 09:17 am IST,  Updated : Jan 12, 2018 09:17 am IST

शुक्रवार को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 70.73 रुपए, कोलकाता में 73.47 रुपए, मुंबई में 78.62 रुपए और चेन्नई में 73.33 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया।

Diesel price - India TV Hindi
Diesel price surpasses Rs 65 a litre

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हो रही एकतरफा बढ़ोतरी की वजह से घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। आलम यह है कि पिछले साल जिस भाव पर पेट्रोल महंगा लगता था अब उस भाव पर डीजल बिक रहा है। शुक्रवार को देश में डीजल के दाम 65 रुपए प्रति लीटर पहुंच चुके हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार को डीजल की कीमतों 65.10 रुपए लीटर दर्ज की गई हैं जो 43 महीने में सबसे अधिक भाव है, मुंबई में इससे पहले जून 2014 में डीजल 65.84 रुपए प्रति लीटर पर बिका है जो अबतक का रिकॉर्ड भाव है।

दिल्ली सहित चेन्नई और कोलकाता में दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर

इधर देश की राजधानी दिल्ली में डीजल का भाव पहले ही रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है और शुक्रवार को दिल्ली में भी कीमतों ने 61 रुपए की रिकॉर्ड ऊंचाई को पार कर नया रिकॉर्ड बनाया है, दिल्ली में डीजल का दाम 61.18 रुपए प्रति लीटर हो गया है, शुक्रवार को कोलकाता में डीजल का दाम 63.84 रुपए और चेन्नई में 64.48 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया। दिल्ली के अलावा कोलकाता और चेन्नई में भी दाम नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं।

पेट्रोल की कीमतों में भी बढ़ोतरी

पेट्रोल की बात करें तो उसकी कीमतों में भी लगातार तेजी बनी हुई है। शुक्रवार को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 70.73 रुपए, कोलकाता में 73.47 रुपए, मुंबई में 78.62 रुपए और चेन्नई में 73.33 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़े कच्चे तेल के दाम

दरअसल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एकतरफा तेजी का रुख बना हुआ है जिस वजह से भारत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की पेट्रोल और डीजल पर लागत बढ़ी है और कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर इस लागत का बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं। कच्चे तेल की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसका दाम 37 महीने के ऊपरी स्तर पर है, डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव 64 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 70 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा