1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. फि‍च रेटिंग्‍स ने घटाया भारत की वृद्धि का अनुमान, FY17 में GDP ग्रोथ 7.7 फीसदी रहने की संभावना

फि‍च रेटिंग्‍स ने घटाया भारत की वृद्धि का अनुमान, FY17 में GDP ग्रोथ 7.7 फीसदी रहने की संभावना

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Mar 07, 2016 08:33 pm IST,  Updated : Mar 07, 2016 08:33 pm IST

ग्‍लोबल रेटिंग एजेंसी फि‍च रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए भारत की वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 7.7 फीसदी कर दिया है।

फि‍च रेटिंग्‍स ने घटाया भारत की वृद्धि का अनुमान, FY17 में GDP ग्रोथ 7.7 फीसदी रहने की संभावना- India TV Hindi
फि‍च रेटिंग्‍स ने घटाया भारत की वृद्धि का अनुमान, FY17 में GDP ग्रोथ 7.7 फीसदी रहने की संभावना

नई दिल्‍ली। ग्‍लोबल रेटिंग एजेंसी फि‍च रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए भारत की वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 7.7 फीसदी कर दिया है। रेटिंग एजेंसी ने हालांकि वित्त वर्ष 2015-16 के लिए 7.5 फीसदी वृद्धि दर के अनुमान को बरकरार रखा है।

इससे पहले दिसंबर में फिच ने 2016-17 में भारत की वृद्धि दर 8 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था। फि‍च ने सरकार के निवेश खर्च में बढ़ोतरी तथा व्यापक आधार पर बुनियादी सुधार एजेंडा को धीरे-धीरे क्रियान्वित करने के मद्देनजर यह अनुमान लगाया था। अपने ताजा वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में फि‍च ने कहा है कि 2016-17 तथा 2017-18 में ऊंची खर्च योग्य आय, दो साल बाद मानसून सामान्य रहने के उम्मीद और केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन में उल्लेखनीय वृद्धि से कुछ सुधार देखने को मिलेगा।

फि‍च ने कहा है कि 2016-17 में वृद्धि दर मामूली बढ़कर 7.7 फीसदी रहेगी, जो 2017-18 में बढ़कर 7.9 फीसदी पर पहुंच जाएगी। फिच ने मार्च, 2016 में समाप्त हो रहे वित्त वर्ष में 7.5 फीसदी की वृद्धि दर के अनुमान को कायम रखा है।  फिच ने कहा कि बुनियादी सुधार एजेंडा को धीरे-धीरे क्रियान्वित किए जाने से ऊंची वृद्धि को समर्थन मिलेगा। हालांकि, कुछ बड़े सुधार मसलन भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक और वस्तु एवं सेवा कर विधेयकों पर अभी प्रगति नहीं हुई है।

वैश्विक वृद्धि के बारे में फिच ने कहा कि व्यापक आधार पर वृद्धि दर के अनुमान में कमी की गई है, लेकिन यह वैश्विक मंदी की स्थिति नहीं है। वैश्विक स्तर पर 2016 में वृद्धि दर ढाई फीसदी रहेगी। 2015 में भी यह इतनी ही रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा