1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. देश के विदेशी पूंजी भंडार में हुई 1.2 अरब डॉलर की वृद्धि, 402 अरब डॉलर के करीब पहुंचा आकड़ा

देश के विदेशी पूंजी भंडार में हुई 1.2 अरब डॉलर की वृद्धि, 402 अरब डॉलर के करीब पहुंचा आकड़ा

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Dec 09, 2017 01:38 pm IST,  Updated : Dec 09, 2017 08:01 pm IST

भारत का विदेशी पूंजी भंडार 1 दिसंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 1.2 अरब डॉलर बढ़कर 401.942 अरब डॉलर हो गया, जो 25,894.1 अरब रुपए के बराबर है।

forex reserve - India TV Hindi
forex reserve

मुंबई। भारत का विदेशी पूंजी भंडार 1 दिसंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 1.2 अरब डॉलर बढ़कर 401.942 अरब डॉलर हो गया, जो 25,894.1 अरब रुपए के बराबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मुताबिक विदेशी मुद्रा संपत्ति (एफसीए) में वृद्धि होने की वजह से मुद्रा भंडार में यह तेजी आई है। विदेशी मुद्रा भंडार ने इससे पहले के हफ्ते में दोबारा 400 अरब डॉलर का आंकड़ा पार किया था। तब यह 1.208 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 400.741 अरब डॉलर हो गया था।

आरबीआई की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, विदेशी पूंजी भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा संपत्ति आलोच्य सप्ताह में 1.15 अरब डॉलर बढ़कर 377.45 अरब डॉलर हो गया, जो 24,316.4 अरब रुपए के बराबर है। बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पाउंड, स्टर्लिग, येन जैसी अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है।

कई महीनों से स्थिर रहने के बाद आलोच्य अवधि में देश का स्वर्ण भंडार भी 3.65 करोड़ डॉलर बढ़कर 20.70 अरब डॉलर हो गया, जो 1,334 अरब रुपए के बराबर है। इस दौरान अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ देश का विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) का मूल्य भी 49 लाख डॉलर बढ़कर 1.50 अरब डॉलर हो गया, जो 96.8 अरब रुपए के बराबर है। वहीं आईएमएफ में देश के मौजूदा भंडार का मूल्य 74 लाख डॉलर बढ़कर 2.28 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 146.9 अरब रुपए के बराबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा