1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नई ऊंचाई पर पहुंचा देश का विदेशी मुद्रा भंडार, 409 अरब डॉलर से अधिक हुआ फॉरेक्‍स रिजर्व

नई ऊंचाई पर पहुंचा देश का विदेशी मुद्रा भंडार, 409 अरब डॉलर से अधिक हुआ फॉरेक्‍स रिजर्व

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jan 05, 2018 07:51 pm IST,  Updated : Jan 05, 2018 07:51 pm IST

नए साल में देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। 29 दिसंबर को समाप्‍त सप्‍ताह के दौरान देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 4.445 अरब डॉलर मूल्‍य की विदेशी मुद्रा का इजाफा हुआ है।

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi

नई दिल्‍ली। नए साल में देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। 29 दिसंबर को समाप्‍त सप्‍ताह के दौरान देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 4.445 अरब डॉलर मूल्‍य की विदेशी मुद्रा का इजाफा हुआ है। इस वृद्धि के साथ ही देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 409.4 अरब डॉलर हो गया। यह 26,176.9 अरब रुपए के बराबर है।

पिछले एक साल के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में हो रही वृद्धि ने दुनिया की प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍थाओं का ध्‍यान अपनी ओर आकर्षित किया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी ताजा साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) आलोच्य सप्ताह में 4.42 अरब डॉलर बढ़कर 385.10 अरब डॉलर हो गईं, जो 24,615.4 अरब रुपए के बराबर है।

बैंक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में व्यक्त किया जाता है और इस पर भंडार में मौजूद पाउंड, स्टर्लिंग, येन जैसी अंतरराष्‍ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर पड़ता है। आलोच्य अवधि में देश का स्वर्ण भंडार 20.71 अरब डॉलर रहा, जो 1,334.8 अरब रुपए के बराबर है।

इस दौरान अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष में देश का विशेष निकासी अधिकार (एसडीआर) का मूल्य 89 लाख डॉलर बढ़कर 1.51 अरब डॉलर हो गया, जो 96.6 अरब रुपए के बराबर है। आईएमएफ में देश के मौजूदा भंडार का मूल्य भी इस दौरान 1.21 करोड़ डॉलर बढ़कर 2.03 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो 120.1 अरब रुपए के बराबर है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा