1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कमजोर वैश्विक संकेतों, सुस्त मांग के कारण सोना, चांदी की चमक गायब

कमजोर वैश्विक संकेतों, सुस्त मांग के कारण सोना, चांदी की चमक गायब

 Written By: Sachin Chaturvedi
 Published : Jun 22, 2016 06:08 pm IST,  Updated : Jun 22, 2016 06:29 pm IST

आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत 50 रुपए की गिरावट के साथ 29,700 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई।

सुस्त मांग के कारण सोना, चांदी की चमक गायब, कीमत में आई 50 रुपए की गिरावट- India TV Hindi
सुस्त मांग के कारण सोना, चांदी की चमक गायब, कीमत में आई 50 रुपए की गिरावट

नई दिल्ली। विदेशों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में कमजोरी के रुख और घरेलू हाजिर बाजार में आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमत 50 रुपए की गिरावट के साथ 29,700 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई।

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान के कारण चांदी की कीमत भी 370 रुपए की गिरावट के साथ 41,130 रुपए प्रति किग्रा रह गई। बाजार सूत्रों ने कहा कि ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में बने रहने अथवा नहीं रहने के संदर्भ में कल होने वाले जनमत सर्वेक्षण में संभवत: ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में बने रहने के कयासों के बीच बहुमूल्य धातुओं की मांग कमजोर पड़ गई और वैश्विक बाजारों में तीसरे दिन भी कमजोरी का रुख रहा जिससे यहां कारोबारी धारणा कमजोर हो गई।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोने की कीमत 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,261.27 डॉलर प्रति औंस रह गई। सिंगापुर में यह नौ जून के बाद का सबसे निम्न स्तर है। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में आभूषण विक्रेताओं और फुटकर विक्रेताओं की सुस्त मांग के चलते भी गिरावट में और तेजी आई।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता के सोने की कीमत 50-50 रुपए की गिरावट के साथ क्रमश: 29,700 रुपए और 29,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। कल के कारोबार में इस बहुमूल्य धातु की कीमत में 100 रुपए की तेजी आई थी। हालांकि गिन्नी की कीमत 23,100 रुपए प्रति 8 ग्राम पर स्थिरता का रुख लिए बंद हुई। सोने की ही तरह चांदी तैयार की कीमत भी 370 रुपए की गिरावट के साथ 41,130 रुपए प्रति किग्रा और साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 510 रुपए की गिरावट के साथ 41,150 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई। दूसरी ओर चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल 70,000 रुपए और बिकवाल 71,000 रुपए प्रति सैकड़ा के पूर्वस्तर पर स्थिरता का रुख लिए बंद हुए।

यह भी पढ़ें- Golden Rules: सोने में निवेश के हैं ये पांच तरीके, जानिए फायदे और नकुसान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।