1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सरकारी ने तय की स्वर्ण बांड की कीमत, प्रति ग्राम के लिए देने होंगे 3,146 रुपए

सरकारी ने तय की स्वर्ण बांड की कीमत, प्रति ग्राम के लिए देने होंगे 3,146 रुपए

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 13, 2018 01:24 pm IST,  Updated : Oct 13, 2018 01:24 pm IST

सरकार ने सोमवार को खुल रहे सरकारी स्वर्ण बांड (एसजीबी) की नई श्रृंखला के लिए कीमत 3,146 रुपए प्रति ग्राम तय की है।

sovereign gold bond- India TV Hindi
sovereign gold bond Image Source : SOVEREIGN GOLD BOND

नई दिल्‍ली। सरकार ने सोमवार को खुल रहे सरकारी स्वर्ण बांड (एसजीबी) की नई श्रृंखला के लिए कीमत 3,146 रुपए प्रति ग्राम तय की है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार ने आरबीआई के परामर्श पर उन निवेशकों को निर्गम मूल्य से 50 रुपए प्रति ग्राम की छूट देने की अनुमति दी है, जो ऑनलाइन आवेदन  करेंगे और डिजिटल माध्यम से भुगतान करेंगे। ऐसे निवेशकों के लिए स्वर्ण बांड के लिए निर्गम मूल्य 3,096 रुपए प्रति ग्राम होगा। आरबीआई द्वारा इस सप्ताह दी गई सूचना के अनुसार सरकारी स्वर्ण बांड अक्टूबर 2018 से फरवरी 2019 तक प्रति माह जारी किए जाएंगे।

इन बांड की बिक्री बैंक, स्‍टॉक होल्डिंग्‍स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसएचसीआईएल), नामित डाकघरों और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज एवं बीएसई के जरिये की जाएगी। इस योजना में खरीदारी के लिए पहली किस्‍त 15 से 19 अक्‍टूबर तक खुलेगी और बांड 23 अक्‍टूबर को जारी किए जाएंगे। अगली किस्‍त 5 से 9 नवंबर के दौरान खुलेगी और बांड को 13 नवंबर को जारी किया जाएगा।

इसके बाद 24-28 दिसंबर के बीच बांड खरीदे जा सकेंगे और इनको 1 जनवरी 2019 को जारी किया जाएगा। अन्‍य किस्‍त को 14 से 18 जनवरी के लिए खोला जाएगा और इस दौरान की जाने वाली खरीदारी के बदले बांड को 22 जनवरी को जारी किया जाएगा। अंतिम किस्‍त 4 से 8 फरवरी के दौरान खुलेगी और इसके तहत बांड को 12 फरवरी को जारी किया जाएगा।  

सरकार स्‍वर्ण बांड योजना को नवंबर 2015 में लॉन्‍च किया गया था। इसका लक्ष्‍य सोने की भौतिक मांग में कमी लाना और घरेलू बचत को वित्‍तीय बचत में बदलना है। इस योजना के तहत बांड को सोने को प्रति ग्राम इकाई और उसके गुणांक में जारी किया जाता है। इस योजना में एक वित्‍त वर्ष में एक व्‍यक्ति न्‍यूनतम 1 ग्राम और अधिकतम 500 ग्राम के बांड खरीद सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा