1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भीषण गर्मी: पारा 42.8 डिग्री पहुंचने के बाद अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, कुछ ही दिनों में चलने लगेगी लू

भीषण गर्मी: पारा 42.8 डिग्री पहुंचने के बाद अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, कुछ ही दिनों में चलने लगेगी लू

 Written By: Ankit Tyagi
 Published : Mar 28, 2017 10:43 am IST,  Updated : Mar 28, 2017 10:43 am IST

मार्च में ही लोग भीषण गर्मी से बेहाल हो गए है। अहमदाबाद में पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया है। इस भंयकर गर्मी के बाद अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी हो गया है।

भीषण गर्मी: पारा 42.8 डिग्री पहुंचने के बाद अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, कुछ ही दिनों में चलने लगेगी लू- India TV Hindi
भीषण गर्मी: पारा 42.8 डिग्री पहुंचने के बाद अहमदाबाद में येलो अलर्ट जारी, कुछ ही दिनों में चलने लगेगी लू

नई दिल्ली। मार्च के महीने में ही लोग भीषण गर्मी से बेहाल हो गए है। गुजरात के अहमदाबाद में पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया है। इस भंयकर गर्मी के बाद अहमदाबाद में ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई का भी बुरा हाल है। आपको बता दें कि  मौसम विभाग ने इस साल पूरे देश में औसत से अधिक तापमान रहने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक मार्च से मई के बीच कई राज्यों को लू के थपेड़े झेलने पड़ेंगे।

दस दिन में ही तापमान 13 डिग्री तक बढ़ा

दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में पिछले दस दिनों में ही तापमान 13 डिग्री तक उछल गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार देश में भीषण गर्मी पड़ेगी। 1 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, तो वहीं 15 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 23 मार्च को 38 तापमान डिग्री सेल्सियस रहा, महज 8 दिनों में दिल्ली-एनसीआर में पारा 8 डिग्री तक चढ़ गया।

गुजरात के अहमदाबाद शहर में सोमवार को तापमान भी नए हाई पर पहुंच गया। शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम ने गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ की घोषणा कर दी है और हीट ऐक्शन प्लान (HAP) पर काम शुरू कर दिया है ताकि लू और गर्मी से होने वाली मौतों और डीहाइड्रेशन के मामले कम किए जा सकें।

दीसा सबसे गर्म शहर

सोमवार को  43.3 डिग्री के साथ दीसा सबसे गर्म शहर रहा। अहमदाबाद गुजरात का चौथा सबसे गर्म शहर बना। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को 38.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा, जो समान्य से 4 डिग्री अधिक था। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था।

बस चलने वाली ही है लू

मौसम विभाग ने अगले महीने से उत्तर भारत में लू के चलने का अनुमान जताया है मौसम विभाग लू को लेकर क्षेत्रवार दैनिक और साप्ताहिक अलर्ट भी जारी करेगा। विभिन्न राज्यों में स्थित केंद्रों के जरिए भी क्षेत्र आधारित लू अलर्ट जारी किए जाएंगे। मौसम विभाग के  कुछ दिन पहले जारी अपने अनुमान में कहा था कि देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है, जहां तापमान सामान्य से कुछ डिग्री अधिक रहेगा।

इन राज्यों में पड़ेगी भयंकर गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल इन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान रह सकता है, वह ‘कोर हीटवेव जोन’ में आता है यानी वहां अत्यधिक गर्म हवाएं चलती हैं। ‘कोर हीटवेव जोन’ में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना इस क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। इस क्षेत्र में महाराष्ट्र का मराठवाड़ा, सेंट्रल महाराष्ट्र और विदर्भ और आंध्र का तटीय क्षेत्र भी शामिल है।

115 साल के बाद 2016 रहा सबसे ज्यादा गर्म

मौसम विभाग के मुताबिक, 1901 के बाद 2016 सबसे ज्यादा गर्म साल रहा है। जब राजस्थान के पहलोड़ी में तापमान 51 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले साल, 1600 लोगों की गर्मी के कारण मौत हो गई थी। इनमें से 700 मौतें लू के कारण हुईं थीं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सबसे अधिक- 400 लोग गर्मी के कारण मारे गए थे। विभाग ने बताया कि, 1901 के बाद जनवरी 2017 आठवां सबसे गर्म महीना रहा है। फिलहाल देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी ने जो रुख दिखाना शुरू किया है उससे यही अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार देश में भीषण गर्मी पड़ेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा