1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एयरपोर्ट पर एयरलाइन के स्टाफ ने की यात्री की जमकर पिटाई, प्रेसिडेंट को मांगनी पड़ी माफी

एयरपोर्ट पर एयरलाइन के स्टाफ ने की यात्री की जमकर पिटाई, प्रेसिडेंट को मांगनी पड़ी माफी

 Written By: Manoj Kumar
 Published : Nov 08, 2017 09:35 am IST,  Updated : Nov 08, 2017 09:47 am IST

पिटाई के वीडियो में दिख रहा है कि स्टाफ के लोग यात्री को जमीन पर लेटाकर पीटना शुरू कर देते हैं। एक स्टाफ कर्मी ने तो यात्री की गर्दन भी दबा रखी थी

एयरपोर्ट पर एयरलाइन के स्टाफ ने की यात्री की जमकर पिटाई, प्रेसिडेंट को मांगनी पड़ी माफी- India TV Hindi
एयरपोर्ट पर एयरलाइन के स्टाफ ने की यात्री की जमकर पिटाई, प्रेसिडेंट को मांगनी पड़ी माफी

नई दिल्ली। एयरलाइन की गुंडागर्दी का नया मामला सामने आया है, निजी एयरलाइन इंडिगो के स्टाफ ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री की जमकर पिटाई की है। मामला मीडिया में आने के बाद इंडिगो ने यात्री से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। साथ में इंडिगो ने यह भी बताया कि मारपीट करने वाले कर्मचारियों को हटा दिया गया है।

यात्री की पिटाई के वीडियो में दिख रहा है कि यात्री और स्टाफ के बीच कहासुनी होती है जिसके बाद स्टाफ यात्री को हवाई जहाज तक पहुंचाने वाली बस में बैठने से रोकता है। इसपर यात्री विरोध करता है तो स्टाफ के लोग यात्री को जमीन पर लेटाकर पीटना शुरू कर देते हैं। इंडिगो के एक स्टाफ ने तो यात्री की गर्दन भी दबा रखी थी।

पूरा मामला सामने आने के बाद इंडिगो को यात्री राजीव कटियाल से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी है। इंडिगो ने कहा है कि राजीव कटियाल के साथ उनके स्टाफ ने जिस तरह से व्यवहार किया उनसे लिए वह माफी मांगते हैं, इंडिगो ने कहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर जो घटना घटी है वह पूरी तरह से इंडिगो की कार्यप्रणाली के उल्टा है, अभी मामले की जांच चल रही है लेकिन संबधित स्टाफ को तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है। इंडिगो के प्रेसिडेंट आदित्य घोष ने कहा है कि उन्होंने खुद यात्री से इस मामले पर बात की है और उनसे माफी मांगी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा