1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. US प्रतिबंध के बीच IOC ने की ईरान से अक्‍टूबर के लिए तेल आयात की बुकिंग, भविष्‍य को लेकर अन‍िश्चितता बरकरार

US प्रतिबंध के बीच IOC ने की ईरान से अक्‍टूबर के लिए तेल आयात की बुकिंग, भविष्‍य को लेकर अन‍िश्चितता बरकरार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 12, 2018 05:13 pm IST,  Updated : Sep 12, 2018 05:13 pm IST

ईरान के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों के लागू होने से जुड़ी अनिश्चितता के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने अक्‍टूबर में ईरान से सामान्य रूप से हर महीने होने वाली 7.5 से 8 लाख टन कच्चे तेल के आयात की बुकिंग कराई है।

IOC- India TV Hindi
IOC Image Source : IOC

नई दिल्‍ली। ईरान के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों के लागू होने से जुड़ी अनिश्चितता के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन  (आईओसी) ने अक्‍टूबर में ईरान से सामान्य रूप से हर महीने होने वाली 7.5 से 8 लाख टन कच्चे तेल के आयात की बुकिंग कराई है। लेकिन आगे भी यह जारी रहेगा इसको लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। 

भारत थोड़ा कम ही सही लेकिन ईरान से तेल का आयात करना चाहता है। वहीं अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने पिछले सप्ताह कहा था कि वॉशिंगटन प्रतिबंधों पर छूट देने को लेकर विचार कर सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि ऐसा सीमित अवधि के लिए ही किया जाएगा। 

अधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेलशोधक कंपनियों को अब तक ईरान से तेल के आयात के बारे में सरकार की ओर से कोई परामर्श नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आईओसी ने वित्त वर्ष 2018-19 में ईरान से 90 लाख टन तेल के आयात की योजना बनाई थी। अधिकारी ने कहा कि इस हिसाब से हर महीने लगभग 7.5 लाख टन तेल का आयात किया जाना है और हम लोग अब तक इसी अनुपात में कच्चे तेल का आयात करते रहे हैं। हमने अक्‍टूबर के लिए भी 7.5-8 लाख टन तेल के आयात के लिए बुकिंग कराई है।  

ईरान के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंध नवंबर से लागू हो जाएंगे। अधिकारी ने कहा कि हमें नहीं मालूम कि भारत सरकार का क्या रुख होगा। हमें अब तक ईरान से आयात रोकने या कटौती के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है। हम मासिक आधार पर तेल का आयात कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा