1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का असर, भारत बना सबसे तेज ग्रोथ करने वाली अर्थव्यवस्था: जेटली

मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का असर, भारत बना सबसे तेज ग्रोथ करने वाली अर्थव्यवस्था: जेटली

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : May 16, 2016 03:04 pm IST,  Updated : May 16, 2016 03:04 pm IST

अरुण जेटली ने कहा कि इंडस्ट्री को बढ़ावा देने वाली मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है।

मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का असर, भारत बना सबसे तेज ग्रोथ करने वाली अर्थव्यवस्था: जेटली- India TV Hindi
मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का असर, भारत बना सबसे तेज ग्रोथ करने वाली अर्थव्यवस्था: जेटली

नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इंडस्ट्री को बढ़ावा देने वाली मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से भारत आज दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया है। इस साल अच्छे मानसून का पूर्वानुमान साकार होने से यह और अधिक तेज गति से वृद्धि दर्ज करेगी। जेटली ने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था की इस गति में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वभर में छाई सुस्ती के बावजूद भारत आज सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। केन्द्र सरकार ग्रामीण क्षेत्र, रोजगार के अवसर और महंगाई दर को नियंत्रण में रखने को प्राथमिकता दे रही है।

मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में जेटली ने कहा, हमारी सरकार आने से पहले 10 साल में (पूर्ववर्ती संप्रग सरकार में) जो कुछ हो रहा था, वह आपके सामने है। तब लोग नीतिगत पंगुता की बात कर रहे थे और हमारी सरकार (एनडीए) के सत्ता में आने के बाद वही लोग भारतीय अर्थव्यवस्था को सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बता रहे हैं। जेटली ने यहां इंडियन वुमन प्रेस कोर में आयोजित कार्यक्रम में कहा, भारत अभी 7.5 फीसदी की ग्रोथ दर के साथ आगे बढ़ रहा है। हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। भारत दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।

जेटली ने कहा कि पिछले दो वर्षो में वृद्धि दर 7.2 फीसदी और 7.6 फीसदी रही। दुनिया के अनेक विकसित देशों में छाई सुस्ती और लगातार दो साल खराब मानसून के बावजूद भारत ने यह वृद्धि हासिल की है। मानसून कमजोर रहने से ग्रामीण क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ता है। लोगों की क्रय शक्ति प्रभावित होती है। वैश्विक सुस्ती से घरेलू कारोबार और निर्यात प्रभावित होता है। जेटली ने कहा, इस बार सामान्य मानसून और अच्छी बरसात का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। दो वर्ष के सूखे के बाद अच्छी बरसात होगी जिससे कृषि क्षेत्र में सुधार आयेगा। ग्रामीण आय एवं क्रयशक्ति बेहतर होगी। अभी तक के संकेत सकारात्मक हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा