1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में 77 रुपए लीटर से नीचे आया पेट्रोल, डीजल के रेट भी हुए और कम

दिल्ली में 77 रुपए लीटर से नीचे आया पेट्रोल, डीजल के रेट भी हुए और कम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 17, 2018 06:38 pm IST,  Updated : Nov 17, 2018 06:38 pm IST

पेट्रोल और डीजल के दाम में राहत का सिलसिला लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 77 रुपए प्रति लीटर से घटकर 76.91 रुपए लीटर हो गया है

petrol pump- India TV Hindi
petrol pump Image Source : PETROL PUMP

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में राहत का सिलसिला लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 77 रुपए प्रति लीटर से घटकर 76.91 रुपए लीटर हो गया है, जबकि डीजल का दाम भी घटकर 71.74 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में बीते दिनों आई गिरावट के कारण पिछले एक महीने से पेट्रोल और डीजल के दाम में गिरावट का सिलसिला जारी है। हालांकि, तेल आपूर्तिकर्ता देशों का समूह ओपेक द्वारा कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती करने की संभावनाओं के कारण शुक्रवार को अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी आई।

दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में शनिवार को पेट्रोल के दाम में 19 पैसे और चेन्नई में 20 पैसे प्रति लीटर की कमी आई। डीजल का भाव दिल्ली और कोलकाता में 19 पैसे प्रति लीटर घटा, जबकि चेन्नई और मुंबई 20 पैसे प्रति लीटर।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम क्रमश: 76.91 रुपए, 78.85 रुपए, 82.43 रुपए और 79.87 रुपए प्रति लीटर दर्ज किए गए। चारों महानगरों में डीजल क्रमश: 71.74 रुपए, 73.60 रुपए, 75.16 रुपए और 75.82 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

दिल्ली में छह सितंबर को डीजल का भाव 71.55 रुपए लीटर था, उसके बाद तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में डीजल चार अक्टूबर को 75.45 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर चला गया था। पेट्रोल का भाव पांच अगस्त को दिल्ली में 76.85 रुपए लीटर था, जबकि चार अक्टूबर को 84 रुपए लीटर हो गया था।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में सप्ताह के आखिरी कारोबारी सत्र में शुक्रवार को पिछले सत्र के मुकाबले थोड़ी तेजी दर्ज की गई। नायमैक्स पर डब्ल्यूटीआई का दिसंबर अनुबंध 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56.83 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वहीं, आईसीई पर ब्रेंट क्रूड जनवरी डिलीवरी वायदा अनुबंध 0.57 प्रतिशत तेजी के साथ 67 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा