1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लगातार 7वें दिन घटे पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्‍ली में रिकॉर्ड स्‍तर से पेट्रोल 10 रुपए और डीजल 7 रुपए लीटर हुआ सस्‍ता

लगातार 7वें दिन घटे पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्‍ली में रिकॉर्ड स्‍तर से पेट्रोल 10 रुपए और डीजल 7 रुपए लीटर हुआ सस्‍ता

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 28, 2018 12:25 pm IST,  Updated : Nov 28, 2018 12:25 pm IST

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का भाव रिकॉर्ड उच्च स्तर से 10 रुपए से ज्यादा घटा है। चार अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल 84 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर चला गया था।

petrol pump- India TV Hindi
petrol pump Image Source : PETROL PUMP

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में बुधवार को लगातार सातवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा। अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में पिछले दिनों कच्चे तेल के दाम में आई नरमी के बाद भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम में उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में बुधवार को पेट्रोल के भाव क्रमश: 73.57 रुपए, 75.57 रुपए, 79.12 रुपए और 76.35 रुपए प्रति लीटर दर्ज किए गए। इसी प्रकार चारों महानगरों में डीजल की कीमतें क्रमश: 68.49 रुपए, 70.34 रुपए, 71.71 रुपए और 72.34 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गईं।

तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल के दाम में 50 पैसे प्रति लीटर की कटौती की, जबकि कोलकाता में 49 पैसे और चेन्नई में 53 पैसे प्रति लीटर कम की है। डीजल बुधवार को दिल्ली और कोलकाता में 40 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ, जबकि मुंबई में 42 पैसे और चेन्नई में 43 पैसे प्रति लीटर दाम घटे।

देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का भाव रिकॉर्ड उच्च स्तर से 10 रुपए से ज्यादा घटा है। चार अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल 84 रुपए प्रति लीटर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर चला गया था। वहीं, डीजल का भाव दिल्ली में 17 अक्टूबर को 75.69 रुपए प्रति लीटर के उच्च स्तर पर जाने बाद सात रुपए से ज्यादा कम हुआ है।

उधर, अंतराष्‍ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में इस सप्ताह तेजी देखी जा रही है। हालांकि ब्रेंट क्रूड का भाव बुधवार को अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में 61 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 52 डॉलर प्रति बैरल के करीब बना हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा