1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Akasa Air ने पायलटों को दिया बड़ा तोहफा, सैलरी में 20% तक इजाफा; सालाना छुट्टियों में भी होगी बढ़ोतरी

Akasa Air ने पायलटों को दिया बड़ा तोहफा, सैलरी में 20% तक इजाफा; सालाना छुट्टियों में भी होगी बढ़ोतरी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 29, 2026 08:28 am IST,  Updated : Oct 29, 2026 08:28 am IST

Akasa Air ने अपने पायलटों के लिए बड़ा ऐलान किया है। एयरलाइन पायलटों की सैलरी में 20% तक बढ़ोतरी करने जा रही है। इसके साथ ही हर महीने उड़ान के न्यूनतम गारंटीड घंटों और सालाना छुट्टियों में भी इजाफा किया जाएगा। नए बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।

अकासा एयर पायलटों की...- India TV Hindi
अकासा एयर पायलटों की सैलरी बढ़ाएगी Image Source : ANI

एविएशन सेक्टर में तेजी से विस्तार कर रही अकासा एयर ने अपने पायलटों के लिए बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन पायलटों की सैलरी में 20% तक बढ़ोतरी करने जा रही है। इसके साथ ही हर महीने न्यूनतम गारंटीड फ्लाइंग आवर्स और सालाना छुट्टियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। नए बदलाव 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। इस कदम का मकसद पायलटों को बेहतर वेतन और काम के साथ निजी जिंदगी में संतुलन बनाने का मौका देना है।

सूत्रों के मुताबिक, अकासा एयर पायलटों की फिक्स्ड सैलरी और प्रति घंटे के हिसाब से मिलने वाले भुगतान में बढ़ोतरी करेगी। यह इजाफा अधिकतम 20% तक हो सकता है। इसके अलावा, महीने में न्यूनतम गारंटीड फ्लाइंग आवर्स को बढ़ाकर 50 घंटे किया जाएगा। गारंटीड फ्लाइंग आवर्स का मतलब है कि पायलट को तय घंटों के लिए न्यूनतम भुगतान सुनिश्चित होगा, भले ही उसने वास्तव में उतने घंटे उड़ान न भरी हो।

सालाना 42 दिन की छुट्टी, मिलेंगे नए वर्क पैटर्न

एयरलाइन ने पायलटों के लिए न्यूनतम सालाना छुट्टियों की संख्या बढ़ाकर 42 दिन करने का फैसला किया है। पायलट अपने काम के पैटर्न के अनुसार इससे अधिक छुट्टियां पाने के ऑप्शन भी चुन सकेंगे। पायलटों को '25/9' और '6-2-6-3' जैसे वर्क पैटर्न के विकल्प दिए ऑप्शन। '25/9' पैटर्न में 25 दिन काम और 9 दिन की छुट्टी शामिल है। वहीं, '6-2-6-3' पैटर्न में 6 दिन काम के बाद 2 दिन की छुट्टी और फिर 6 दिन काम के बाद 3 दिन की छुट्टी मिलेगी।

लॉन्ग-टर्म इंसेंटिव और लॉयल्टी रिवॉर्ड भी

बढ़ी हुई सैलरी और छुट्टियों के अलावा पायलटों को लॉयल्टी रिवॉर्ड और पहले घोषित लॉन्ग-टर्म इंसेंटिव प्लान (LTIP) का लाभ भी मिलेगा। इन सुविधाओं से पायलटों को लंबे समय तक एयरलाइन के साथ जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

45 विमानों के साथ बढ़ा रही है नेटवर्क

अगस्त 2022 में परिचालन शुरू करने वाली अकासा एयर के बेड़े में फिलहाल 45 बोइंग 737 मैक्स विमान हैं और उसके पास 800 से ज्यादा पायलट हैं। एयरलाइन नए विमान और नए रूट जोड़ने की प्लानिंग पर काम कर रही है। इसी के साथ कोच्चि और कोलकाता में पायलटों के लिए नए बेस बनाने की भी योजना है। फिलहाल इसके प्रमुख बेस मुंबई और बेंगलुरु में हैं।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से अकासा एयर ने बढ़ाया नेटवर्क, दो और शहरों के लिए शुरू होंगी सीधी उड़ानें; जानें पूरा शेड्यूल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।