1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल के दाम फिर 1 महीने की ऊंचाई पर, एक्साइज शुल्क में कटौती भी नहीं आई काम

पेट्रोल के दाम फिर 1 महीने की ऊंचाई पर, एक्साइज शुल्क में कटौती भी नहीं आई काम

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Nov 06, 2017 09:46 am IST,  Updated : Nov 06, 2017 09:46 am IST

भारतीय बास्केट के लिए कच्चे तेल का भाव 60 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है जो करीब 27 महीने में सबसे अधिक है, इस वजह से पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं

पेट्रोल के दाम फिर 1 महीने की ऊंचाई पर, एक्साइज शुल्क में कटौती भी नहीं आई काम- India TV Hindi
पेट्रोल के दाम फिर 1 महीने की ऊंचाई पर, एक्साइज शुल्क में कटौती भी नहीं आई काम

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों से आम जनता को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने अक्टूबर में एक्साइज शुल्क में जो कटौती की थी, वह कटौती भी अब काम नहीं आ रही है और पेट्रोल-डीजल के दाम फिर से 1 महीने के ऊपरी स्तर तक पहुंच गए हैं। 1 महीना पहले दिल्ली में पेट्रोल का दाम 70 रुपए प्रति लीटर के ऊपर था और उस समय सरकार ने एक्साइज शुल्क में कटौती कर जनता को कुछ राहत दी थी, लेकिन अब दिल्ली में पेट्रोल का दाम फिर से 70 रुपए लीटर के करीब पहुंच गया है।

सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 69.69 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया। दिल्ली के अलावा अन्य मेट्रो शहरों में भी दाम बढ़ गए हैं, सोमवार को कोलकाता में दाम 72.44 रुपए, मुंबई में 76.79 रुपए और चेन्नई में 72.23 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया। केंद्र सरकार ने 3 अक्टूबर को एक्साइज शुल्क में 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की थी जिसके बाद 4 अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल का दाम घटकर 68.38 रुपए प्रति लीटर हो गया था।

लेकिन इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एकतरफा तेजी देखने को मिली और इसकी वजह से देश में तेल कंपनियों की लागत में बढ़ोतरी हुई और कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करना शुरू कर दी। पिछले हफ्ते भारतीय बास्केट के लिए कच्चे तेल का भाव 60 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है जो करीब 27 महीने में सबसे अधिक दाम है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा