नई दिल्ली। टाटा ग्रुप के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर अपने ट्वीटर एकाउंट पर होटल ताज का एक फोटो शेयर किया है और उसके साथ एक दिल जीत लेने वाला संदेश भी लिखा है। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें होटल ताज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
Related Stories
रतन टाटा ने अपने संदेश में लिखा है, "आज से 12 साल पहले जो विनाश हुआ, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। लेकिन जो ज्यादा यादगार है, वो ये कि उस दिन आतंकवाद और विनाश को खत्म करने के लिए जिस तरह मुंबई के लोग सभी मतभेदों को भुलाकर एक साथ आए। हमने जिनको खोया, जिन्होंने दुश्मन पर जीत पाने के लिए कुर्बानियां दीं, आज हम जरूर उनका शोक मना सकते हैं। लेकिन हमें उस दौरान दिखाई दी एकता, दयालुता के उन कृत्यों और संवदेनशीलता की भी सराहना करनी होगी। इसे हमें आगे भी बरकरार रखना चाहिए और उम्मीद है कि आगे आने वाली पीढि़यां भी इसका अनुसरण करेंगी।"
शहीदों को याद कर रहे लोग
रतन टाटा ने अपना संदेश ट्विटर पर पोस्ट किया है। नीचे कमेंट्स में लोग उस दिन आतंकियों से लोहा लेने वाले देश के बहादुर जवानों को याद कर रहे हैं। हमलों में जिंदा पकड़े गए इकलौते आतंकी अजमल कसाब को जिन कॉन्स्टेबल तुकाराम ओम्बले ने पकड़ा था, उन्हें लोग नमन कर रहे हैं। ओम्बले आतंकवादियेां की गोली का शिकार हो गए थे। शहीदों में जॉइंट सीपी हेमंत करकरे, एसीपी अशोक कामटे, इंस्पेक्टर विजय सालस्कर, मेजर संदीप उन्नीकृष्णन समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।