1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GST रिटर्न दाखिल करने का बना नया रिकॉर्ड, 43.67 लाख इकाइयों ने अक्तूबर के लिए शुरुआती रिटर्न फाइल किया

GST रिटर्न दाखिल करने का बना नया रिकॉर्ड, 43.67 लाख इकाइयों ने अक्तूबर के लिए शुरुआती रिटर्न फाइल किया

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Nov 22, 2017 09:02 am IST,  Updated : Nov 22, 2017 09:02 am IST

माह दर माह आधार पर GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में लगातार सुधार देखा जा रहा है। 20 नवंबर, 2017 तक अक्तूबर के लिए 43.67 लाख इकाइयों ने रिटर्न दाखिल किया था

GST रिटर्न दाखिल करने का बना नया रिकॉर्ड, 43.67 लाख इकाइयों ने अक्तूबर के लिए शुरुआती रिटर्न फाइल किया- India TV Hindi
GST रिटर्न दाखिल करने का बना नया रिकॉर्ड, 43.67 लाख इकाइयों ने अक्तूबर के लिए शुरुआती रिटर्न फाइल किया

नई दिल्ली। करीब 43.67 लाख कंपनियों या इकाइयों ने अक्तूबर महीने के लिए शुरुआती GSTR-3B रिटर्न दाखिल किया है। GST नेटवर्क ने कहा कि समय पर रिटर्न दाखिल करने के मामले में यह किसी महीने का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। अक्तूबर में GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर थी। यह शुरुआती बिक्री से संबंधित रिटर्न होता है। GSTN ने बयान में कहा कि करीब 56 प्रतिशत पंजीकृत करदाताओं ने अक्तूबर के लिए GSTR-3B रिटर्न निर्धारित तारीख तक दाखिल किया है।

बयान में कहा गया है कि माह दर माह आधार पर GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में लगातार सुधार देखा जा रहा है। 20 नवंबर, 2017 तक अक्तूबर के लिए 43.67 लाख इकाइयों ने रिटर्न दाखिल किया था। यह अभी तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। सितंबर में निर्धारित तारीख तक 39.33 लाख और अगस्त में 28.46 लाख और जुलाई में 33.98 लाख रिटर्न दाखिल हुए थे।

GSTN के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा कि हर महीने GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने वाले करदाताओं की संख्या में सुधार हो रहा है। करदाताओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की दिक्क्तों से बचने के लिए रिटर्न जल्द जमा कराए। GST नेटवर्क के पोर्टल पर 20 नवंबर को 14.76 लाख करदाताओं ने रिटर्न दाखिल किया। GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने के मामले में पंजाब की इकाइयां इस बार सबसे आगे रही हैं। अक्तूबर में पंजाब के 73.09 प्रतिशत करदाताओं ने GSTR-3B रिटर्न दाखिल किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा