नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर ने पहली बार बुधवार को 2000 रुपए का आंकड़ा छुआ है। 10 बजे के आसपास बीएसई पर आरआईएल का शेयर 18.35 रुपए या 0.90 प्रतिशत तेजी के साथ 1990.20 रुपए पर कारोबार कर रहा था। बुधवार को शुरुआती कारोबार में इसने पहली बार 2000 रुपए का स्तर छुआ। मंगलवार को आरआईएल का शेयर 1971.85 रुपए पर बंद हुआ था। ताजा शेयर भाव पर कंपनी का बाजार मूल्याकंन भी बढ़कर 1,348,235.30 करोड़ रुपए हो गया है। बुधवार को कंपनी के शेयर का उच्चतम व निम्नतम स्तर 2000 से 1960 रुपए के बीच है।
Related Stories
लॉकडाउन से पहले 23 मार्च को बीएसई पर आरआईएल का शेयर का भाव 875.9 रुपए था, जो बुधवार को बढ़कर 2000 रुपए के स्तर तक पहुंच गया। डॉलर में कंपनी का बाजार मूल्याकंन 170 अरब डॉलर हो गया है।

आरआईएल के वित्तीय नतीजे आएंगे 30 जुलाई को
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की एक बैठक 24 जुलाई को बुलाई गई है, जिसमें कंपनी के पहली तिमाही के वित्तीय नतीजों को 30 जुलाई को पेश करने की अनुमति ली जाएगी। इससे पहले 18 जुलाई को कंपनी ने कहा था कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए उसके वित्तीय नतीजे 24 जुलाई को पेश किए जा सकते हैं।