1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. मिडिल ईस्ट टेंशन से स्टॉक मार्केट में खलबली! सेंसेक्स 914 अंक टूटा, निफ्टी 25000 से नीचे फिसला, ये बड़े स्टॉक्स धड़ाम

मिडिल ईस्ट टेंशन से स्टॉक मार्केट में खलबली! सेंसेक्स 914 अंक टूटा, निफ्टी 25000 से नीचे फिसला, ये बड़े स्टॉक्स धड़ाम

 Published : Mar 02, 2026 09:19 am IST,  Updated : Mar 02, 2026 10:32 am IST

आज शेयर बाजार में मारुति सुजुकी इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, आयशर मोटर्स, टाटा मोटर्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीवीएस मोटर कंपनी, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी जैसे स्टॉक्स पर फोकस रहेगा।

घरेलू शेयर बाजार में निवेशक सतर्क रुख रख सकते हैं।- India TV Hindi
घरेलू शेयर बाजार में निवेशक सतर्क रुख रख सकते हैं। Image Source : INDIA TV

अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान पर हुए हमले के बाद मिडिल ईस्ट में जारी टेंशन के चलते घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को खलबली मच गई। बाजार खुलने पर सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर एक समय बीएसई सेंसेक्स 914.15 अंक की जोरदार गिरावट के साथ 80,373.04 के लेवल पर फिसल गया। इसी समय, एनएसई का निफ्टी भी 246.40 अंक की तगड़ी गिरावट के साथ 24932.25 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। आज के सत्र में निवेशकों के लाखों करोड़ रुपये डूबने की आशंका है।

टॉप गेनर और टॉप लूजर स्टॉक्स

शेयर बाजार में आज सभी सेक्टर इंडेक्स लाल रंग में कारोबार कर रहे हैं, जिसमें रियल्टी सेक्टर 2% की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। इंटरग्लोब एविएशन, लार्सन एंड टूब्रो, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स और TMPV जैसे प्रमुख इंडेक्स में नुकसान दर्ज किया गया। वहीं, आज के टॉप गेनर्स में ONGC, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हिंडाल्को शामिल हैं। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1% की गिरावट के साथ कमजोर रुख दिखा रहे हैं।

सोमवार को शुरुआती सत्र के दौरान बीएसई में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।
Image Source : BSEसोमवार को शुरुआती सत्र के दौरान बीएसई में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।

शुरुआती सत्र में सोमवार को एनएसई में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।
Image Source : NSEशुरुआती सत्र में सोमवार को एनएसई में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से जुड़ी अनिश्चितता निकट भविष्य में बाजार पर भारी प्रभाव डालेगी।

बाजार के दृष्टिकोण से सबसे बड़ा खतरा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से उत्पन्न ऊर्जा संबंधी जोखिम है। ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक फर्म एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर ने कहा कि इन्वेस्टर्स के लिए रिस्क सिर्फ एनर्जी तक ही सीमित नहीं है। लंबे समय तक क्षेत्रीय अस्थिरता ट्रेड रूट्स को बाधित कर सकती है, सप्लाई चेन पर दबाव डाल सकती है और अगर महंगाई की उम्मीदें फिर से बढ़ती हैं तो ग्लोबल फाइनेंशियल हालात को और खराब कर सकती हैं।

रुपया 21 पैसे गिरकर 91.29 पर

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 21 पैसे कमजोर होकर 91.29 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, मजबूत अमेरिकी मुद्रा और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपया दबाव में रहा। फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में नकारात्मक रुख और विदेशी निवेशकों की भारी निकासी ने भी भारतीय मुद्रा पर दबाव डाला। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज में रुपया सुबह के सौदों में डॉलर के मुकाबले 91.23 पर खुला और बाद में गिरकर 91.29 पर आ गया, जो पिछले बंद स्तर से 21 पैसे नीचे है। पिछले शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 17 पैसे गिरकर 91.08 पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा